Hemant Soren: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को दी नव वर्ष की शुभकामनाएं

Anjali Kumari
2 Min Read

Hemant Soren

रांची। नव वर्ष 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और नए साल को झारखंड के निर्माण की दिशा में एक और मजबूत कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि नया साल केवल कैलेंडर का बदलाव नहीं, बल्कि वीर पुरखों के सपनों को साकार करने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश दिया

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2025 में झारखंड राज्य आंदोलन से जुड़े दिशाेम गुरुजी शिबू सोरेन और महान आंदोलनकारी रामदास सोरेन का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि आज वे प्रकृति की गोद से झारखंड को आशीर्वाद दे रहे हैं। हेमंत सोरेन ने बताया कि बीते वर्षों में झारखंड ने संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं की लंबी यात्रा तय की है। इस सफर में आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर, महिलाएं और युवाओं की भूमिका बेहद अहम रही है। सरकार ने सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब झारखंड के युवाओं का लक्ष्य और स्पष्ट है—2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड का निर्माण करना। इस संकल्प के साथ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी-रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकारों को केंद्र में रखकर नीतियां लागू करेगी। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड रूपी विशाल वृक्ष की जड़ों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कामना की कि नव वर्ष 2026 सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।

Share This Article