रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को भी पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय नहीं पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईडी कार्यालय को एक चिट्ठी भेजी है। इसे चिट्ठी को सूरज नाम का कर्मचारी लेकर ईडी कार्यालय पहुंचा।
इस चिट्ठी में हेमंत सोरेन ने ईडी से सवाल किया है कि आप मुझे किस तरह बुला रहे हैं। क्या आप मुझे एक आरोपी की तरह पूछताछ के लिए बुला रहे हैं या आप इस मामले में जांच के लिए सहयोग चाहते हैं उस आधार पर बुला रहे हैं।
इधर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री दुमका पहुंच चुके हैं। वहां वह आपकी योजना आपके द्वार कार्यक्रम में शामिल हैं। दुमका जाने के लिए मुख्यमंत्री ईडी कार्यालय के पास से ही गुजरे।
फिर सीएम हेलीकॉप्टर से दुमका के लिए रवाना हो गये। ईडी का दफ्तर एयरपोर्ट के रास्ते में है, लेकिन सीएम वहां नहीं रूके। सुबह से ही उनके ईडी कार्यालय आने को लेकर चर्चा का बाजार गर्म था। सुबह 10:00 बजे से ही ईडी कार्यालय के बाहर पुलिस वालों की तैनाती की गई थी।






