सीएम हेमंत बोले-मंईयां सम्मान योजना के लिए 15 अगस्त तक लगेगा कैंप, बिचौलियों से रहें सावधान [CM Hemant said – Camp for Maiyan Samman Yojana will be organized till August 15, beware of middlemen]

3 Min Read

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए अब 10 नहीं 15 अगस्त तक विशेष कैंप लगाया जायेगा।

उन्होंने योजना की शुरुआत पर एक्स हैंडल पर पोस्ट कर झारखंड की बहनों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने में बहनों को आ रही शुरुआती परेशानी के बारे में उन्हें जानकारी मिली है।

योजना को लेकर आ रही तकनीकी समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए निर्देश दिया गया है। इस मामले को लेकर वरीय पदाधिकारियों की भी बैठक हुई है।

योजना को लेकर दिख रहे उत्साह को लेकर उन्होंने पूरे राज्य में प्रज्ञा केंद्रों की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिया है।

हमेशा चलती रहेगी योजना

उन्होंने कहा कि सभी बहनों को यह बताना चाहता हूं कि यह हमेशा चलने वाली योजना है। योजना का लाभ लेने के लिए कोई समय सीमा नहीं है। विशेष कैम्प के आयोजन के बाद भी जरूरतमंद बहनें कभी भी अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर इस योजना का लाभ ले सकेंगी।

योजना से लोगों को आसानी से लाभ मिले, इसलिए 10 अगस्त तक विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जिसे और 5 दिन बढ़ाने का निर्देश दिया है।

विशेष कैम्प के आयोजन के बाद भी आप जब भी चाहें, अपनी सुविधानुसार योजना का लाभ ले सकती हैं।

बिचौलियों से सावधान रहे

उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी जानकारी मिली है कि योजना में बहनों को मिल रहे लाभ को देखते हुए कहीं-कहीं कुछ बिचौलिए भी सक्रिय हो गए हैं। वह सभी को बताना चाहते हैं कि इस योजना की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है, इसलिए बिचौलियों से सावधान रहें।

सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि कहीं भी बिचौलियों की सूचना मिले, तो उनपर कड़ी कार्रवाई करें। सीएम ने कहा कि यह बहनों की योजना है।

राज्य की लाखों बहनों को हर साल 12 हजार रुपए मिलेगा। यही झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लक्ष्य है, यही उनका भी लक्ष्य है।

इसे भी पढ़ें

सीएम हेमंत ने मंईयां सम्मान योजना के प्रचार वाहनों को किया रवाना

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं