Patna rally: पटना रैली में सीएम हेमंत की रहेगी 12 सीटों पर नजर

Anjali Kumari
3 Min Read

Patna rally:

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रमुख और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 1 सितंबर को पटना में वोटर अधिकार यात्रा के समापन के मौके पर पटना में आयोजित रैली में शामिल होंगे। हेमंत सोरेन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ रैली में विपक्षी एकता के शक्ति प्रदर्शन में शामिल होंगे।

हेमंत सोरेन की उपस्थिति का विशेष महत्वः

झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि वोट अधिकार यात्रा ने भाजपा और एनडीए की नींद उड़ा दी है। हेमंत सोरेन सोमवार को वोटर अधिकार यात्रा के समापन अवसर पर पटना में मौजूद रहेंगे। इस विशाल रैली में झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन की उपस्थिति विशेष महत्व रखती है। यहां बताते चलें कि झामुमो बिहार में 12 सीटों पर लड़ने को तैयार है और रैली के दौरान विपक्षी नेताओं संग इसे लेकर चर्चा भी हो सकती है।

झामुमो इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ाः

विनोद पांडेय ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ जागरूकता का आलम यह है कि आज जनता समझ चुकी है कि चुनाव आयोग किस तरह एक राजनीतिक दल की तरह काम कर रहा है। इस षड्यंत्र के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इंडिया गठबंधन के मजबूत स्तंभ हैं। जब संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आवाज दबाई गई है, तो सड़क पर संघर्ष कर लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा बेहद जरूरी हो गई है। इस अभियान में झामुमो इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ा है और रहेगा।

एफआईआर भाजपा और चुनाव आयोग की संयुक्त साजिशः

विनोद पांडेय ने आरोप लगाया है कि एफआईआर की प्रक्रिया भाजपा और चुनाव आयोग की संयुक्त साजिश है, ताकि भाजपा की विचारधारा से विपरीत मतदान करने खास तौर पर गरीब, पिछड़े, अल्पसंख्यक, दलित, मजदूर, किसान, आदिवासी वर्ग को वोट के अधिकार से वंचित किया जा सके। लेकिन, मतदाता अब जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में जनता इंडिया महागठबंधन के पक्ष में स्पष्ट बहुमत देकर अपना फैसला सुनाएगी। ठीक वैसे ही जैसे 2024 में झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन को आशीर्वाद देकर सत्ता सौंपी थी।

विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो गठबंधन पहले ही एसआईआर के खिलाफ विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर अपना संदेश जन जन तक पहुंचा चुका है। हेमंत सोरेन ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया था। बिहार में भी विपक्ष ने एफआईआर को गरीब वोटरों को हाशिए पर धकेलने की साजिश करार दिया है।

इसे भी पढ़ें

Hemant Soren: पटना में आज विपक्ष शक्ति प्रदर्शन, राहुल-तेजस्वी के साथ मौजूद रहेंगे हेमंत सोरेन


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं