याद किया दिवंगत शिक्षा मंत्री टाइगर जगरनाथ को
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिक्षक दिवस पर राज्य के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती है, उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। उन्होंने राज्य के दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को याद किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य एवं राष्ट्र की भावी पीढ़ी को संवारने की गुरुत्तर जिम्मेवारी शिक्षकों के कंधों पर है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद और दार्शनिक भारत रत्न डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती पर शत-शत नमन। आज शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा व्यवस्था के नींव के रूप में अहम योगदान देने वाले आप सभी शिक्षकों और आपके परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार। झारखण्ड की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हमने विभिन्न क्षेत्रों में कई योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। आज हमारे साथ, हमारे पूर्व शिक्षा मंत्री और जन-जन के नेता आदरणीय स्व टाइगर जगरनाथ महतो जी नहीं हैं, मगर उनके कार्यों और राज्य की जनता के प्रति उनके समर्पण और स्नेह की शक्ति के साथ समृद्ध झारखण्ड के निर्माण के लिए हम राज्य के हमारे नौनिहालों और युवाओं को उत्तम शिक्षा के हरसंभव अवसर प्रदान करने की ओर बढ़े हैं।







