सीएम चंपाई इन एक्शनः आधा दर्जन विभागों की समीक्षा, ससमय योजनाओं को पूरा करने का निर्देश

3 Min Read

रांची, एजेंसियां। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन एक्शन में हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हर हाल में परियोजनाओं को तय समय में पूरा किया जाये।

इसमें किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सीएम चंपाई सोरेन ने ये निर्देश गुरुवार को विभागों की समीक्षा करते हुए दिये।

उन्होंने भवन निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पथ निर्माण विभाग तथा ग्रामीण कार्य विभाग के 10 करोड़ रुपए की राशि से ऊपर की योजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से राज्य की विकास की दिशा तय होगी। ऐसे में ये सभी योजनाएं समय पर पूरी हों और इसकी गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने 6 विभागों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि जो भी योजनाएं चल रही है वह तय समय सीमा में पूरी हो जानी चाहिए।

अगर योजनाओं में किन्ही वजहों से विलंब हो रहा है तो उसका त्वरित समाधान निकालें। जिस योजना की जो भी डेडलाइन तय है, उसी के अनुरूप कार्य में तेजी लाकर उसे पूरा करें ताकि उसका लाभ यहां की जनता को मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं के लंबे समय से लंबित रहने पर चिंता जतायी। कहा कि यह राज्य हित में नहीं है। इससे योजनाओं की लागत राशि काफी बढ़ जाती है।

इस वजह से सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ता है। ऐसे में जो भी लंबित योजनाएं हैं , उसको पूर्ण करने की दिशा में समुचित और त्वरित कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे विभिन्न योजनाओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार का व्यवधान आ रहा है तो उसका निराकरण हो सके।

उन्होंने कहा कि कई ऐसी योजनाएं होती है जिसमें विभिन्न विभागों की भागीदारी होती है ऐसे में वे विभाग मिलकर योजनाओं को गति देने का काम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कौन परियोजना कब तक पूरी हो जायेगी। किन योजनाओं के क्रियान्वयन में समस्याएं आ रही है। उन समस्याओं की क्या प्रकृति है, इसकी पूरी सूची तैयार कर एक सप्ताह के अंदर समर्पित करें।

इसे भी पढ़ें

झारखंड में अवैध लाटरी के धंधे का खुलासा, प्रतिबंधित टिकटों के साथ एक गिरफ्तार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं