Maiya Samman Yojana: क्रिसमस पर मंईयां सम्मान योजना का तोहफा, रांची की 4 लाख महिलाओं के खातों में आयी राशि

Anjali Kumari
2 Min Read

Maiya Samman Yojana

रांची। क्रिसमस के अवसर पर झारखंड सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की करीब चार लाख महिलाओं के बैंक खातों में नवंबर माह की सम्मान राशि भेज दी गई है। इस भुगतान की जानकारी रांची के उपायुक्त ने ट्वीट के माध्यम से साझा की है।

जानकारी के अनुसार

उपलब्ध जानकारी के अनुसार रांची जिले की कुल 3 लाख 93 हजार 84 महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से 2500 रुपये प्रति लाभुक की दर से राशि दी गई है। इस तरह कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये सीधे महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। उपायुक्त द्वारा साझा आंकड़ों के मुताबिक जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला है।

कांके प्रखंड में 31,781, मांडर में 23,308, सिल्ली में 21,390, बेड़ो में 20,761, चान्हो में 19,851, रातू में 18,790, ओरमांझी में 18,342 और तमाड़ में 18,758 महिलाओं के खातों में सम्मान राशि पहुंचाई गई है। इसके अलावा बुढ़मू, नगड़ी, नामकुम, अनगड़ा, हेहल समेत सोनाहातू, अरगोड़ा, लापुंग, ईटकी, बड़गाईं, खलारी, राहे और बुंडू के शहरी व ग्रामीण इलाकों की हजारों महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिला है।

क्रिसमस के मौके पर किया गया यह भुगतान महिलाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से खास उपहार के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article