झारखंड के स्कूलों में बनाए जाएंगे बच्चों के आधार कार्ड, अपग्रेड भी होंगे [Children’s Aadhar cards will be made in Jharkhand schools, there will also be upgrades]

3 Min Read

रांची। झारखंड के सरकारी स्कूलों में कैंप लगाकर अब बच्चों का नया आधार कार्ड बनाया जाएगा।

वहीं, जिन बच्चों का आधार कार्ड बना हुआ है, उसमें कोई गलती है तो उसे अपग्रेड भी किया जाएगा। 5 साल से कम उम्र के बच्चों का नया आधार रजिस्ट्रेशन होगा।

वैसे बच्चें जिनकी उम्र 5 साल से ज्यादा है लेकिन आधार कार्ड नहीं बना हुआ है उनका भी नया रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

5 से 7 वर्ष के वैसे बच्चें जिनका आधार कार्ड बना हुआ है, उनके आधार कार्ड में बायोमीट्रिक अपडेशन किया जाएगा।

इसमें बच्चों कि आंखों के साथ-साथ अंगुलियों की बायोमीट्रिक ली जाएगी। इसके बाद आधार कार्ड में उसे अपडेट किया जाएगा।

सरकारी स्कूलों में लगेंगे कैंप

इसके लिए सभी सरकारी स्कूलों में कैंप लगेगा। सभी स्कूलों में कैंप लगाने से एक सप्ताह पहले जिला शिक्षक पदाधिकारियों के द्वारा स्कूल प्रबंधन को सूचना दी जाएगी।

कैंप का आयोजन करने से पहले प्रभारी प्रधानाध्यापक से बच्चों की वास्तविक जानकारी ली जाएगी।

इसमें देखा जाएगा कि किन बच्चों का आधार कार्ड नहीं बना हुआ है। कितने बच्चों का आधार यू -डाइस प्लस में सत्यापित नहीं हुआ है।

स्कूल में लगने वाले कैंप की सूचना प्रखंड के शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को दी जाएगी।

हर दिन होगी मानिटरिंग

इसकी हर दिन मॉनिटरिंग भी इनके द्वारा की जाएगी। इसके बाद वे लोग इसकी रिपोर्ट बना कर राज्य मुख्यालय को भेजेंगे।

स्कूल के प्रधानाध्यापक बच्चों और उनके परिवार वालों को इसकी सूचना कैंप के लगने से पहले देंगे।

आधार कैंप में रहेंगे ऑपरेटर

नए आधार कार्ड बनाने और पुराने कार्ड के अपग्रेडेशन के लिए आधार ऑपरेटर स्कूल के कैंप में मौजूद रहेंगे।

स्कूल को कैंप लगने से पहले ही ऑपरेटर का नाम और उनका मोबाइल नंबर दिया जाएगा। आधार ऑपरेटर अपने परिचय पत्र के साथ स्कूल में जाएंगे।

उन्हें उपयोग होने वाले स्टेशनरी स्कूलों के द्वारा उपलब्ध करायी जाएगी। इस कैंप की जानकारी स्कूल में पोस्टर लगा कर दी जाएगी। ये कैंप बच्चों के लिए बिल्कुल फ्री होगी।

कैंप में 0-5 साल तक और 5 साल से ज्यादा बच्चों का नया आधार कार्ड बिल्कुल निशुल्क बनाया जाएगा।

इसके साथ 7 साल और 15-17 साल के बच्चों का बायोमीट्रिक अपडेशन भी निःशुल्क किया जाएगा।

कैंप का आयोजन सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक किया जाएगा। सार्वजनिक छुट्टी के दिन कैंप नहीं चलेगा।

इसे भी पढ़ें 

10 साल पुराना आधार कार्ड 14 सितंबर तक करायें नि:शुल्क अपडेट 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं