Jharkhand Mob Lynching
रांची। Jharkhand के कई जिलों में बच्चा चोरी की अफवाह ने भय और अराजकता का माहौल पैदा कर दिया है। Ranchi, Dhanbad, Giridih और Koderma समेत कई इलाकों में महज शक के आधार पर लोगों को भीड़ ने घेरकर पीटा। कई मामलों में पुलिस की समय पर दखल से लोगों की जान बच सकी। पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।
राजगंज में युवक अधमरा
धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के महतोटांड़ गांव में बच्चा चोर की अफवाह पर एक अज्ञात युवक को भीड़ ने पकड़ लिया। लाठी-डंडों से की गई पिटाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय मुखिया और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर इलाज के लिए भेजा। पूछताछ में बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई।
बेंगाबाद में महिला और अधेड़ पर हमला
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक में एक महिला और एक अधेड़ व्यक्ति को पकड़कर पीट दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि अधेड़ व्यक्ति नशे की हालत में अपने ससुराल जा रहा था, जबकि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। बच्चा चोरी की घटना पूरी तरह अफवाह निकली।
धनबाद में ट्रांसजेंडर बना निशाना
धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र में एक ट्रांसजेंडर को बच्चा चोरी के शक में पीट दिया गया। सोशल मीडिया पर फैली अफवाह के बाद लोगों ने उसे घेर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाया। जांच में पता चला कि वह होली के अवसर पर शुभकामनाएं देने निकला था। तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।
कोडरमा में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक पर हमला
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र में भी एक युवक को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पीट दिया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर युवक को बचाया। जांच में बच्चा चोरी से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया।
रांची में महिला समेत तीन पर हमला
रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातू में तीन वर्षीय बच्चे को टोटो में ले जाते देख ग्रामीणों ने महिला, चालक और एक युवक को बच्चा चोरी के शक में पकड़ लिया और मारपीट की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को सुरक्षित निकाला। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नहीं पाया गया, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
लगातार फैल रही अफवाहों के कारण ग्रामीणों में दहशत है। कई अभिभावक बच्चों को बाहर भेजने से डर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट संदेश या सोशल मीडिया पोस्ट पर विश्वास न करें। संदेह की स्थिति में तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दें। कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। झारखंड में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर साबित किया है कि भीड़ का उग्र रूप निर्दोष लोगों की जान पर भारी पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है।








