Chauka police station: झारखंड पुलिस को बड़ी उपलब्धि, चौका थाना बना राज्य का नंबर-1

Anjali Kumari
2 Min Read

Chauka police station

सराइकेला खरसावां। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना ने पुलिसिंग के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी Ranking of Police Stations 2025 की वार्षिक रिपोर्ट में चौका थाना को पूरे भारत में चौथा स्थान और झारखंड में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि झारखंड पुलिस के लिए गर्व का क्षण मानी जा रही है। गृह मंत्रालय हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से सर्वे कर उनकी रैंकिंग जारी करता है। इस सर्वे में अपराध नियंत्रण, महिला एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों की संवेदनशीलता, थाना का बुनियादी ढांचा, स्वच्छता, डिजिटल रिकॉर्ड का रखरखाव, नागरिकों की प्रतिक्रिया, पुलिसकर्मियों का व्यवहार, मामलों के निष्पादन की गति और चार्जशीटिंग जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है।

वर्ष 2025 के इस सर्वे में देश के 18 हजार से अधिक पुलिस थानों को शामिल किया गया था। इतने बड़े प्रतिस्पर्धी दायरे में चौका थाना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह प्रतिष्ठित स्थान हासिल किया है। इस राष्ट्रीय रैंकिंग की घोषणा हाल ही में रायपुर में आयोजित डीजीपी/आईजीपी कॉन्फ्रेंस के दौरान गृह मंत्रालय द्वारा की गई।

इस अवसर पर सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने चौका थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी बजरंग महतो सहित थाना के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता जिले की पूरी पुलिस टीम की कड़ी मेहनत, अनुशासन और “सेवा ही लक्ष्य” की भावना का परिणाम है।एसपी ने इसे झारखंड पुलिस की कार्यक्षमता, पारदर्शिता और जनविश्वास का प्रतीक बताते हुए जिले के नागरिकों का भी सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी बेहतर, संवेदनशील और भरोसेमंद पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Share This Article