बदल रहा मौसम, शाम में ठंड का एहसास

2 Min Read

रांची। झारखंड से मानसून की विदाई हो रही है। मौसम विभाग ने 14 अक्टूबर तक राज्य में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। विभाग ने मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया है। 10 अक्टूबर से लेकर 14 अक्टूबर तक आसमान भी साफ रहने का अनुमान है।

तापमान में आने लगी गिरावट

पिछले 24 घंटे में राज्य में कुछ हिस्सों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। कई जगहों पर आसमान साफ रहा है। धीरे-धीरे अब तापमान भी घटने लगा है। राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान रांची में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया या है।

न्यूनतम तापमान में गिरावट

राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रांची समेत पूरे राज्य में पिछले दो दिन से बारिश बंद है। इसकी वजह से पारा बढ़ने लगा है। तापमान में 6 से 7 डिग्री की बढ़ोतरी हु‍ई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

विदा हो रहा मानसून

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार झारखंड से मानसून की लगभग विदाई हो चुकी है। एक-दो दिनों में मौसम विभाग इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर देगा। राज्य में अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 15 अक्टूबर से तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री गिरावट आने लगेगी।

सुबह में धूप और शाम में ठंड

मौसम विभाग के अनुसार अब कोई सिस्टम बनने की संभावना नहीं है। सीधी धूप धरती को टच करेंगी और दिन का तापमान थोड़ा बढ़ेगा। रांची और आसपास के क्षेत्र में 15 अक्टूबर तक न्यूनतम पारा 20 डिग्री तक रहने की संभावना है। दिन में तो गर्मी रहेगी, पर शाम ढलते ही ठंडक का एहसास होगा।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं