दिल्ली से सीधा कोलकाता जाएंगे चंपाई सोरेन, BJP में शामिल होने पर सस्पेंस जारी [Champai Soren will go straight from Delhi to Kolkata, suspense continues on joining BJP]

3 Min Read

रांची। झारखंड के पूर्व CM चंपाई सोरेन आज दिल्ली से सीधा कोलकाता जाएंगे। शाम करीब 7 बजे वे कोलकाता पहुंचेंगे।

जानकारी के मुताबिक, चंपाई दिल्ली में बीजेपी नेताओं के साथ अभी मीटिंग कर रहे हैं। मीटिंग के बाद आज शाम दिल्ली से कोलकाता के रास्ते जमशेदपुर के सरायकेला- खरसावां स्थित अपने गांव जा सकते हैं।

रविवार को दिल्ली गये थे

चंपाई रविवार दोपहर करीब 1 बजे दिल्ली पहुंचे थे। शुक्रवार से उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

रविवार को जब वे दिल्ली पहुंचे तो साफ बीजेपी में जाने के सवाल पर साफ कह दिया ‘जहां हूं, वहीं रहूंगा।’

सूत्रों के मुताबिक, चंपाई सोरेन केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के लगातार संपर्क में हैं। दो दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर JMM छोड़ने के संकेत दिए थे।

झामुमो के ये विधायक हेमंत से मिले

इस बीच घाटशिला से JMM विधायक मंगल कालिंदी और रामदास सोरेन सीएम हेमंत सोरेन से मिलने रांची पहुंचे हैं।

यहां उन्होंने सीएम से मुलाकात की है। उनके बीच क्या बातचीत हुई, इसका खुलासा अब तक नहीं हुआ है।

चंपाई बोले- JMM में मेरा अपमान हुआ है

चंपाई सोरेन आगे क्या करेंगे, ये अभी साफ नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि ‘JMM में मेरा अपमान हुआ है। CM रहते मैं बेहतर काम कर रहा था। मुझे हटाया गया।

मुख्यमंत्री रहने के बावजूद मुझे बीच कार्यक्रम से बुला लिया गया। विधायक दल की बैठक में मुझसे इस्तीफा मांग लिया गया।

चंपाई ने अपने लेटर में यह भी लिखा ‘आज से मेरे जीवन का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। इसमें मेरे पास तीन विकल्प हैं। पहला, राजनीति से संन्यास लेना, दूसरा, अपना अलग संगठन खड़ा करना और तीसरा, इस राह में अगर कोई साथी मिले, तो उसके साथ आगे का सफर तय करना।’

हालांकि, उनका अगला कदम क्या होगा या किस पार्टी में शामिल होंगे। यह क्लियर नहीं किया है।

मांझी ने एनडीए में किया था स्वागत

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने रविवार देर शाम X पर लिखा ‘चंपाई दा आप टाइगर थे, टाइगर हैं और टाइगर ही रहेंगे…NDA परिवार में आपका स्वागत है…’।

निशिकांत दुबे ने कही ये बात

सोमवार को बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए लिखा- ‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन जी के बयानों ने बताया कैसे चलती है जेल से सरकार।’

इसे भी पढ़ें

बीजेपी में चंपाई की एंट्री में कहां फंस रहा पेंच

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं