फिर दिल्ली पहुंचे चंपाई, कर सकते हैं बड़ी घोषणा [Champai reaches Delhi again, can make a big announcement]

3 Min Read

झारखंड में सियासत गरमाई

रांची। झारखंड में एक बार फिर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन रविवार देर शाम चाकुलिया-बहरागोड़ा के रास्ते कोलकाता पहुंचे।

यहां उन्होंने एक होटल में रात्रि विश्राम किया, जहां उनकी मुलाकात भाजपा के कुछ नेताओं से हुई बताई जा रही है।

इसके बाद सोमवार को वह दिल्ली पहुंच गये हैं।, जहां भाजपा के बड़े नेताओं से उनकी बात हो सकती है।

झामुमो से नाता तोड़ने की घोषणा के बाद सबको चंपाई के अगले कदम का इंतजार है। चंपाई सोरेन के करीबियों की मानें तो दिल्ली से कोई बड़ी घोषणा हो सकती है। एक सप्ताह पहले भी वह दिल्ली में तीन दिन ठहरे थे इसके बाद जमशेदपुर लौट आये थे।

एक सप्ताह के बाद दूसरी बार पहुंचे हैं दिल्ली

झारखंड सरकार में मंत्री चंपाई सोरेन एक सप्ताह के बाद दूसरी बार दिल्ली पहुंचे हैं। उस वक्त उनके बीजेपी ज्वॉइन करने की चर्चा तेज हो गयी थी। लेकिन उन्होंने उस वक्त इन बातों पर विराम लगाते हुए कहा कि दिल्ली में उनकी किसी बीजेपी नेता से मुलाकात नहीं हुई।

इसके बाद उन्होंने अपने गांव लौट कर ये घोषणा कर दी कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे और अपना नया संगठन बनायेंगे।

इस दौरान कोई समान विचारधारा वाले दोस्त से मुलाकात हुई तो वह उनके साथ आगे की यात्रा तय करेंगे।

सरायकेला में चपाई सोरेन का कटआउट चर्चा का विषय

दिल्ली से लौटने के बाद वह लगातार कोल्हान का दौरा कर रहे थे। वह जहां भी जाते वहां उनके समर्थक उनका जोरदार स्वागत करते थे। इस कड़ी में शनिवार को वह सरायकेला दौरे थे।

इस दौरान उनका कटआउट और होर्डिंग्स राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बन गया। चंपाई सोरेन के कटआउट का बैकग्राउंड बदल गया था।

कटआउट का बैकग्राउंड हरा की बजाय भगवा रंग का था। होर्डिंग्स भी भगवा रंग में रंग गया था। हालांकि होर्डिंग्स में सिर्फ चंपाई सोरेन जिंदाबाद लिखा था। लोग भगवा रंग देखकर चकित थे।

सबसे ज्यादा चर्चा थी कि क्या चंपाई दादा भाजपा जा रहे हैं? हालांकि जब उनसे इस संबंध में सवाल पूछा गया था तो उन्होंने चतुराई से बात टालते हुए कहा कि वह अलग रास्ते पर निकल चुके हैं। अब नया अध्याय लिखेंगे।

इसे भी पढ़ें

जल्द होगा नये अध्याय का खुलासा: चंपाई सोरेन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं