Maiya Samman Yojana protest in Chaibasa
चाईबासा। चाईबासा स्थित झींकपानी प्रखंड की चोया पंचायत में मंईयां सम्मान योजना से वंचित महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर दिखाई दिया। योजना का लाभ नहीं मिलने से नाराज करीब 150 महिलाएं, पंचायत की मुखिया जयंती बिरुली के नेतृत्व में 18 किलोमीटर पैदल चलकर सरनाडीह स्थित मंत्री दीपक बिरुवा के कार्यालय पहुंचीं और वहां घेराव कर विरोध जताया।
महिलाओं के अनुसार
महिलाओं का कहना है कि उन्होंने मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत के समय ही आवेदन जमा कर दिया था, बावजूद इसके अब तक उनके खाते में एक बार भी राशि नहीं आई है। कई बार प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें केवल आश्वासन ही मिले। महीनों बीत जाने के बावजूद लाभ नहीं मिलने से महिलाओं में भारी आक्रोश है। मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसकी शुरुआत अगस्त 2024 में 18 से 50 वर्ष की महिलाओं के लिए की गई थी। योजना के तहत पहले प्रतिमाह 1000 रुपये दिए जाते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया गया। बावजूद इसके चोया पंचायत की सैकड़ों महिलाएं इस लाभ से वंचित हैं।
महिलाओं का आरोप
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पोर्टल नहीं खुलने के कारण उनकी राशि अटकी हुई है। पंचायत की मुखिया जयंती बिरुली ने बताया कि महिलाएं रोज उनसे योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाती हैं। इस संबंध में उन्होंने पहले ही प्रखंड विकास पदाधिकारी से शिकायत की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
अधिकारियों के अनुसार
वहीं अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी कारणों से पोर्टल नहीं खुल पा रहा है, जिससे जरूरतमंद महिलाओं का डेटा अपडेट नहीं हो सका है। इसी समस्या के समाधान के लिए मंत्री दीपक बिरुवा को ज्ञापन सौंपा गया है, ताकि उच्च स्तर पर हस्तक्षेप कर पोर्टल की दिक्कत को दूर किया जा सके।
महिलाओं के घेराव की सूचना मिलते ही मंत्री कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। स्थिति का जायजा लेने सदर अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। महिलाओं ने मंत्री के निजी सचिव सुभाष बनर्जी को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने साफ कहा है कि जब तक उन्हें उनका हक नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

















