3 Teachers suspended: चाईबासा में अवैध वसूली मामले में 3 शिक्षक सस्पेंड

2 Min Read

3 Teachers suspended:

चाईबासा। चाईबासा जिले में शिक्षकों से लाखों रुपये की अवैध वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। DC चंदन कुमार के आदेश पर तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित शिक्षकों में राकेश महतो (मारवाड़ी प्लस टू उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर), प्रदीप फेडरिक मिंज (प्लस टू उच्च विद्यालय, गोइलकेरा) और अलोक मुंडू (प्लस टू उच्च विद्यालय, कुल्डा, बंदगांव) शामिल हैं।

क्या है मामला?

मामला स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों से जुड़ा है। आरोप है कि 5 शिक्षकों ने बकाया वेतन दिलाने के नाम पर अन्य शिक्षकों से 35 से 40 लाख रुपये अवैध रूप से वसूले। यह राशि ऑनलाइन और नकद में ली गई। कुछ शिक्षकों ने इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से की, जिसमें बताया गया कि न तो वेतन मिला और न ही वसूली गई राशि वापस की गई।

जांच में क्या हुआ?

जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो ने बताया कि जांच में तीन शिक्षकों की संलिप्तता सामने आई है, जिन्हें तुरंत निलंबित किया गया। जांच अभी जारी है और कुछ अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं। टोप्पो ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी, चाहे वे किसी भी पद पर हों।

दोष सिद्ध होने पर जायेगी नौकरीः

जांच में पता चला कि शिक्षक अलोक आनंद मुंडू ने वसूली गई राशि अपनी पत्नी अमिता आइंद के बैंक खाते में जमा की। विभाग ने उनसे और उनकी पत्नी से तीन महीने का बैंक स्टेटमेंट मांगा है। वहीं, प्रदीप फेडरिक मिंज से भी उनके बैंक खातों का विवरण तलब किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर जांच में दोष सिद्ध हुआ तो सेवा समाप्ति सहित सख्त कार्रवाई होगी।

इसे भी पढ़ें

Ashram chief Rampal: सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल को हाई कोर्ट से बड़ी राहत, उम्रकैद निलंबित

Share This Article
Exit mobile version