ओडि़शा रेल हादसे में CBI को मिले साजिश के तार

3 Min Read

टाइटिल-Balasore Rail Accident में CBI का बड़ा Action

भुवनेश्वर। ओडि़शा के बालासोर ट्रेन हादसे की जांच कर रही सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने सोरो सेक्शन सिग्नल के जेई आमिर खान का घर सील कर दिया है। सीबीआई ने हादसे की जांच शुरू करने के बाद उससे पूछताछ की थी। लेकिन इस पूछताछ के बाद वह अपने परिवार समेत घर छोड़कर लापता हो गया।

सीबीआई टीम उससे दोबारा पूछताछ करने के लिए उसके किराये के घर पर पहुंची थी। परंतु घर में ताला लटका था। पड़ोसियों से भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने उसका घर सील कर दिया। बता दें कि बालासोर के बहानागा रेलवे स्टेशन के पास 2 जून को बड़ा रेल हादसा हुआ था, जिसमें 3 ट्रेनें आपस में भिड़ गई थीं।

इस घटना में 292 लोगों की मौत हुई थी और 900 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इस घटना के पीछे रेलवे के इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम में छेड़खानी का अंदेशा जताया गया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच की जिम्मेदारी सौंपी।  

CBI ने 6 जून से इस मामले की जांच शुरू की। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने सिग्नल जेई आमिर खान समेत कई रेलवे कर्मियों से अज्ञात स्थान पर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उन सभी को छोड़ दिया गया था। सीबीआई की टीम सोमवार को फिर से आमिर खान से पूछताछ करने के लिए उसके किराये के मकान पर पहुंची, तो पता चला कि वह परिवार समेत गायब चुका है।

पड़ोसियों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से परिवार समेत लापता है। जब एजेंसी को उसका सुराग नहीं मिला, तो मकान को सील कर दिया गया। अब उसके रिश्तेदारों और नजदीकी लोगों की पड़ताल की जा रही है।  

CBI सूत्रों के मुताबिक देश की तीसरी सबसे बड़ी रेल दुर्घटना मामले में रेलवे के 5 अधिकारी एजेंसी के रेडार पर हैं। इनमें बहानागा बाजार रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर सहित 5 कर्मचारी शामिल हैं। ये चारो रेलकर्मी सिग्नलिंग और ट्रेनों को पास देने के काम से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि पांचों रेलकर्मी अभी ऑन ड्यूटी हैं। सीबीआई उनसे समय-समय पर बुलाकर पूछताछ कर रही है।

एजेंसी के अफसरों ने जांच शुरू करते ही सबसे पहले बहानागा रेलवे स्टेशन की लॉगबुक, तकनीकी उपकरण और रिले पैनल को जब्त कर लिया।  साथ ही बहानागा रेलवे स्टेशन और उसमें लगे इंटरलाकिंग सिस्टम पैनल को भी सील कर दिया, ताकि उसकी सिग्नल प्रणाली तक कोई न पहुंच पाए। साथ ही अगले आदेश तक बहानागा स्टेशन पर रेलगाड़ियों के रुकने पर भी रोक लगा दी गयी। ऐसे में सीबीआई की ओर से जेई का मकान सील होने से इंटरलॉकिंग सिस्टम में छेड़छाड़ की आशंका को बल मिल रहा है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं