Ranchi builder death: रांची के बिल्डर की दर्दनाक मौ’त, खुदकशी के संकेत

3 Min Read

Ranchi builder death

रांची। रांची के मेन रोड इलाके में बिल्डर अनुराग सरावगी की संदिग्ध मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बिल्डर ने ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। यह घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।

जमीन पर पड़े थे सरावगी

जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिससे अपार्टमेंट में रहने वाले लोग बाहर निकले। नीचे देखा तो एक शख्स गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। देखा तो बिल्डर की सांसें थम चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अनुराग सरावगी शहर के एक जाने-पहचाने बिल्डर बताए जा रहे हैं।

घटना को लेकर खड़े हुए सवाल

घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक सामान्य स्वभाव के थे और किसी से उनका कोई विवाद भी सामने नहीं आया था। ऐसे में उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, यह सवाल बना हुआ है। पुलिस मृतक के परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

हिंदपीढ़ी थाना पुलिस के अनुसार, मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। यदि कोई सुसाइड नोट या अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलते हैं, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

Share This Article