रांची। झारखंड बीजेपी के कार्यसमिति की बैठक चल रही है। यह बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण है। इस बैठक में भविष्य के लिए रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर है।
खासकर 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव को फतह करने की रणनीति बन रही है। यह भी तय किया जा रहा है कि 2024 में किस तरह राज्य में भाजपा सरकार बना पाएगी।
आने वाले समय में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही महागठबंधन सरकार को किन-किन मुद्दों पर घेरना है। इसको लेकर बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं को कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए जाएंगे।
मालूम हो कर्नाटक में कांग्रेस ने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है। इसको लेकर भी मंथन होगा कि आगामी चुनाव में किस तरह बाकि राज्यों में कांग्रेस को मात देनी है।
क्योंकि इस प्रचंड जीत से झारखंड कांग्रेस का आत्मविश्वास भी ज्यादा बढ़ा है। उनके मनोबल को को तोड़ने के लिए भाजपा भी अपने तरीके से चाल चल सकती है।
संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास
बैठक में सांगठनिक मजबूती पर भी चर्चा हो रही है। कर्नाटक परिणाम के बाद लगातार नेताओं की तरफ से ऐसा कहा जा रहा है कि भाजपा की गुटबाजी का असर कर्नाटक चुनाव पर पड़ा है। इसलिए आपसी मजबूती को लेकर भी चर्चा होगी।
सदस्यता अभियान को लेकर भी मंथन किया जाएगा कि किस तरह लोगों को ज्यादा से ज्यादा जोड़ा जाए। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई दिग्गज नेता मौजूद हैं।








