रांची : झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई एक सड़क दुर्घटना में बुधवार सुबह तीन लोगों की मौत हो गयी वहीं चार लोग गंभीर रुप से घायल हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। घटना के बाबत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर में बुधवार अहले सुबह 3:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
दरअसल, रामगढ़ के चेटर गांव के लोग नये साल में घूमने के लिए पारसनाथ जा रहे थे। जानकारी के अनुसार बोलेरो ड्राइवर की नींद में आंख झपक गयी और इसी दौरान सुबह 3:30 बजे के लगभग बोलेरो ने एक खड़े ट्रक को सामने से टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में घटना स्थल पर ही दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल की रिम्स में मौत हुई।
दुर्घटना में घटना स्थल पर टेकलाल महतो की बहू और 2 वर्ष के पोते की मौत हो गई है. वहीं गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र महतो की पत्नी के रिम्स में मौत हो गई। दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल लाया गया। जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
बाकी गंभीर स्थिति में घायल लोगों को रिम्स रेफर कर दिया गया। मृतकों का शव को पोस्टमार्टम करने के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में रखा गया है। दुर्घटना की खबर चेटर गांव पहुंचने के बाद लोगों में शोक की लहर है। गांव के लोग घायलों को देखने के लिए रांची रिम्स पहुंचे हैं।
इसे भी पढ़ें
बरियातू में दूसरे दिन भी सड़क जाम
हेमंत कैबिनेट का फैसला, ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां राज्य में सीधे किसी को नहीं दे सकेंगी समन











