Bokaro DC news
बोकारो। बोकारो जिले के बेरमो अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय, रिजनल हॉस्पिटल फुसरो में एक निरीक्षण के दौरान दिल छू लेने वाला दृश्य सामने आया। जिले के उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा मतदान केंद्रों के निरीक्षण के क्रम में अचानक स्कूल पहुंच गए। विद्यालय के बरामदे में बैठकर डीसी बच्चों की कॉपियां पलट-पलटकर देखने लगे। वे नन्हें छात्रों से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछ रहे थे और उनकी लिखावट भी देख रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक छात्र सूरज की फटी हुई कॉपी पर पड़ी।
डीसी ने मुस्कुराते हुए पूछा, “तुम्हारी कॉपी क्यों फटी है?”
इस पर मासूम सूरज ने जवाब दिया, “चूहा खा गया।” बच्चे का जवाब सुनते ही डीसी ने तुरंत स्थिति को समझा और मौके पर मौजूद एसडीओ मुकेश मछुआ को सभी बच्चों के लिए नई कॉपियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारी को स्कूल बैग की व्यवस्था करने को कहा, ताकि बच्चे अपनी पढ़ाई की सामग्री सुरक्षित रख सकें।
तुरंत बांटी गईं कॉपियां
कुछ ही देर में विद्यालय में पढ़ रहे सभी 10 बच्चों के बीच नई कॉपियां वितरित कर दी गईं।
मूलभूत सुविधाओं की कमी पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं और संचालन व्यवस्था में कमी भी सामने आई। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और बीडीओ को निर्देश दिया कि बच्चों की पढ़ाई अविलंब पास के सामुदायिक केंद्र में अस्थायी रूप से शिफ्ट कराई जाए। साथ ही डीईओ जगरनाथ लोहरा को विद्यालय की मरम्मत से संबंधित प्रस्ताव जल्द से जल्द जिला मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने बच्चों से सामान्य ज्ञान के सवाल भी पूछे, जैसे— “फरवरी महीने में कितने दिन होते हैं?” बच्चों ने उत्साहपूर्वक जवाब देकर अपनी तैयारी का परिचय दिया। यह निरीक्षण न सिर्फ प्रशासनिक कार्रवाई का उदाहरण बना, बल्कि बच्चों के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल भी पेश कर गया।
















