रांची। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि झारखंड की सारी नौकरियां फिक्स्ड हैं। नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ‘झारखंड की नियुक्तियां फिक्स्ड है’।
इस दौरान उन्होंने परीक्षा और नियुक्तियों में खामियां गिनाईं। बाउरी ने कहा कि युवाओं को सपने दिखा कर, राज्य की जनता को झुठ बोल कर सत्ता में आयी जेएमएम, कांग्रेस और राजद की सरकार के खिलाफ युवा आक्रोशित हैं।
वर्तमान सरकार ने आज तक जो भी परीक्षाएं ली हैं उन सभी परीक्षाओं में गड़बड़ियां सामने आयी हैं।
ऐसे में राज्य सरकार को चाहिए कि वो युवाओं के हित में इन सभी परीक्षाओं के गड़बड़ियों की जांच सीबीआई से कराये।
एक ही सेंटर से 70-80% अभ्यार्थी पास हुए
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जेएसएससी पीजीटी के अभ्यार्थियों ने बताया है कि इस परीक्षा में धांधली हुई है।
इसकों लेकर अभ्यर्थी पिछले 17 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि एक ही सेंटर से 70-80 प्रतिशत अभ्यर्थी पास हुए है।
बोकारो जिला के श्रेया डिजिटल और रांची जिला के शिवा इनफोटेक से सबसे अधिक अभ्यर्थियों पास हुए हैं।
सिरिया डिजिटल से 513 अभ्यार्थी, शिवा इनफोटेक से 279 अभ्यर्थी पास हुए वहीं धनबाद डिजिटल से 273 पास हुए हैं।
अभ्यर्थियों ने बताया कि इस परीक्षा में धांधली हुई है। पैसे का खेल हुआ है। परीक्षा आयोजित करने के लिए जिस एजेंसी को नियुक्त किया गया है वह पहले से ही ब्लैक लिस्ट है।
राज्य सरकार ने एसआईटी गठन कर जांच करवाने का फैसला भी लिया है, लेकिन अभी तक कोई भी गिरफ्तारी नहीं की गयी।
केंद्र सरकार को देंगे जानकारी
जेएसएससी पीजीटी में ऐसे अभ्यर्थियों का भी चयन हुआ है जो दिव्यांग कोटा से हैं। कहा कि इस संबंध में केन्द्रीय मंत्री के साथ भी पत्राचार किया जायेगा। ताकि सीबीआई सभी मामले की जांच एक साथ कर सके।
सरकार से की ये मांग
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की है कि इस पूरे विषय पर सरकार निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को आग्रह करे।
जब तक जांच पूर्ण नहीं होती है तब तक नियुक्ति को रोका जाये। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले पर सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती है तो जब बीजेपी की सरकार राज्य में आयेगी तो वैसे अभ्यार्थी जो पैसे के बल पर परीक्षा दे रहे हैं और नियुक्ति ले रहे हैं, वैसे अभ्यर्थियों की नौकरी भी जायेगी और उन्हें जेल भी जाना होगा।
संवाददाता सम्मेलन में बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, प्रदेश प्रवक्ता अवनेश कुमार सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपुजन पाठक उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें
साहिबगंज में बोले बाउरी-हेमंत और आलमगीर के कारण बदनाम हुआ संताल
