हेमंत को सीएम बनाने के फैसले पर बीजेपी बोली-..और टाइगर बर्बाद हो गया.. [On the decision of making Hemant the CM, BJP said-..and Tiger was ruined..]

3 Min Read

रांची। हेमंत सोरेन फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। 5 महीने बाद जेल छूटे हेमंत एक बार फिर से सत्ता संभालने को तैयार हैं।

सत्ताधारी दल के विधायक अब राज्यपाल के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। इंडी गठबंधन के इस फैसले पर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं।

बीजेपी विधायक भानुप्रताप शाही ने इस फैसले पर तंज किया है। उन्होंने कहा कि अब तेरा क्या होगा टाईगर?

हेमंत का नाम यूज एंड थ्रो! बीजेपी विधायक ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा केवल युवाओं के साथ ही नहीं खेल रही बल्कि एक टाईगर को भी बर्बाद कर दिया। दरअसल, चंपाई सोरेन को कोल्हान टाईगर के नाम से जाना जाता है।

चंपाई सोरेन को हटाकर हेमंत सोरेन को झारखंड का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबर सामने आते ही झारखंड की सियासत गर्मा गई है।

विपक्ष की तरफ से इंडी गठबंधन के इस फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा में शिबू सोरेन के परिवार से बाहर का कोई भी आदिवासी केवल काम चलाऊ है।

सोरेन परिवार जब जैसा चाहे उसका इस्तेमाल करता है और फिर उसे दूध में गिरी मक्खी की तरह निकाल फेंकता है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि 5 महीने पहले जो परिवारवाद से ऊपर उठकर सीएम चुनने की बात कहते थे, आज उस झारखंड मुक्ति मोर्चा का असली चेहरा उजागर हो गया है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में ये नेतृत्व परिवर्तन झारखंड के बाकी आदिवासी नेताओं के लिए सबक है।

उनको अपनी सीमा रेखा समझ लेनी चाहिए। उनको यह मान लेना चाहिए कि वे केवल और केवल शिबू सोरेन के परिवार की पालकी ढोने के लिए है। सियासत में ऊंची उड़ान भरना उनके नसीब में है ही नहीं।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चंपाई सोरेन अभी तो मुख्यमंत्री हैं ही। उनको बार-बार अपमानित किया जा रहा है।

जिनकी अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई, उन्हीं चंपाई सोरेन को किनारे बिठा दिया। लोकसभा चुनाव से पहले रांची में इंडिया गठबंधन की रैली में भी उनको मंच पर किनारे बिठा दिया।

सोरेन परिवार की बहू कल्पना को बिना किसी पद के भी बीच मंच में जगह मिली। चंपाई की स्पीच के बीच में ही मंच पर बैठे नेता जाने लगे।

बाबूलाल मरांडी ने और भी तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि आज झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कोल्हान टाईगर को चूहा बना दिया।

इसे भी पढ़ें

बाबूलाल बोले-JMM ने कोल्हान के टाइगर को चूहा बना दिया


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं