Ramesh Singh:
रांची। बीजेपी नेता सह जमीन कारोबारी रमेश सिंह इन दिनों लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं। अब उन्हें कोयलांचल के राहुल सिंह गैंग ने धमकी दी है और उनसे रंगदारी मांगी है। बता दें कि रमेश सिंह चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष भी हैं। इस संबंध में रमेश सिंह ने सुखदेवनगर थाना में रंगदारी मांगने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि 3 अक्टूबर की सुबह 10.35 और 11.02 बजे उन्हें मोबाइल नंबर (828) 7480850 से वाट्सएप पर फोन आया। फोन करने वाले ने कहा- राहुल सिंह गैंग से राहुल बोल रहा हूं।
बहुत कमा रहे हो, रंगदारी दोः
उसने कहा कि आप बहुत कमा रहे हैं, हमको रंगदारी देनी होगी। अन्यथा अंजाम भुगतना होगा। फोन करने वाले ने यह भी कहा कि तुम्हारे प्रत्येक काम पर हमारी नजर है। बिना हमको मैनेज किए कोई भी काम नहीं कर पाओगे। हमारी बात नहीं मानोगे और रंगदारी नहीं दोगे तो अंजाम बहुत बुरा होगा। हमसे मिलकर गैंग की मदद करोगे तो गैंग आपकी मदद करेगा। हम फिर कॉल करेंगे, बताना कब और कितना पैसा दे रहे हो।
पहले भी दो बार मिल चुकी है धमकीः
रमेश सिंह को पहले भी दो बार धमकी मिल चुकी है। यह तीसरी बार है जब उन्हें रंगदारी के लिए धमकी दी गई है। एक माह पूर्व भी पीएलएफआई के नाम पर धमकी भरा कॉल आया था। उस वक्त संगठन को मजबूत करने के नाम पर पैसे की मांग की गई थी। इस मामले में भी रमेश सिंह ने सुखदेवनगर थाना में मामला दर्ज कराया था। अभी तक उन दोनों मामलों में भी रांची पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इसे भी पढ़ें
Tamil Nadu: तमिलनाडु में सीएम स्टालिन और गवर्नर एन रवि के आवास को बम से उड़ाने की धमकी


















