आदिवासी और दलित विरोधी है बीजेपी : कल्पना सोरेन

2 Min Read

टुंडी(धनबाद), एजेंसियां। धनबाद के टुंडी हाई स्कूल मैदान में रविवार को इंडी गठबंधन के प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी एवं गांडेय विधानसभा सीट से झामुमो की प्रत्याशी कल्पना सोरेन ने एक विशाल सभा को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के संविधान को बदलने की फ़िराक में है।

हिन्दू-मुस्लिम का भेदभाव व अफवाह के बल पर लोगों को भ्रमित कर चुनाव जीतने के प्रयास में है, परन्तु देश की जनता अब सब समझ चुकी है।

उन्होंने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संविधान से छेड़छाड़ की गई तो झारखंड में त्रिपुरा से भी अधिक स्थिति भयावह हो सकती है।

कल्पना ने बीजेपी को आदिवासी, दलित, पिछड़ा व अल्पसंख्यक विरोधी बताया और कहा कि एक निर्वाचित मुख्यमंत्री को षड्यंत्र कर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया है, जिसका बदला यहां की जनता इस चुनाव में देगी।

साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस बार दिल्ली में इंडी गठबंधन की सरकार बनेगी। इस दौरान कल्पना सोरेन ने हेमंत सरकार की उपलब्धियों को गिनाई।

वहीं, प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो ने अपने संबोधन में कहा कि दिशोम गुरु ने अपने खून-पसीने से झामुमो को सींचा है।

उनके बेटे एवं झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजकर पार्टी को समाप्त करने की जिनकी मंशा है, वो कभी पूरा नहीं होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन मोर्चा संभाल चुकी है और पार्टी संगठन को मजबूत कर रही है।

इसे भी पढ़ें

बाहुबली के कटप्पा बन सकते हैं पर्दे के मोदी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं