बाहरियों को नौकरी देने को लेकर बीजेपी ने सरकार को घेरा, कहा-करारा जवाब मिलेगा

2 Min Read

जूनियर इंजीनियर की 70% नौकरियां दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को देने का आरोप

रांची, एजेंसियां। भाजपा ने राज्य सरकार पर एक बार फिर हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि जूनियर इंजीनियर की 70 प्रतिशत नौकरियां दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को दी गई हैं।

राज्य सरकार को इसका करारा जवाब मिलेगा। करारा जवाब राज्य का ही युवा वर्ग देगा।

बता दें कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से इसी सप्ताह जूनियर इंजीनियर के 61 पदों के लिए सफल उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गयी है।

इसमें 39 सफल उम्मीदवार बिहार, उत्तर प्रदेश या अन्य राज्य के हैं। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउऱी ने इसी पर नाराजगी जताई है।

उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस-राजद की ठगबंधन सरकार में झारखंडी युवा वर्ग को ठगा जा रहा है।

बाउरी ने कहा कि जहां हमारी यानी बीजेपी की पूर्ववर्ती सरकार ने यह सुनिश्चित किया था कि जिला की नौकरी उसी जिला के बच्चे को मिले, वहीं अब इसके उलट नियुक्तियां हो रही हैं।

कहा कि इस युवा विरोधी-झारखंड विरोधी झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार ने पहले 60-40 की नीति लागू की।

लेकिन अब स्थिति कुछ और है। झारखंड के युवाओं का हक बाहर के युवा ले जा रहे हैं और सरकार इस दिशा में नकारात्मक नीतियों को ही प्रोत्साहित करने में लगी हुई है।

बाउरी ने कहा कि अधिकतम नौकरियां राज्य के बाहर के लोगों को दे दी गई हैं। सोशल मीडिया पर JSSC-JE की लिस्ट पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा है, अंतिम रूप से चयनित इस लिस्ट को ध्यान से देखिए।

चयनित उम्मीदवारों के गृह जिले के कॉलम को भी देख लीजिए। स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा है, राज्य का युवा आपको करारा जवाब देगा।

इसे भी पढ़ें 

गोड्डा को रेल सौगात, मल्टी हब का पीएम करेंगे उद्घाटन, जसीडीह में दुरंतों रूकेगी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं