रांची। झामुमो ने पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की तुलना भगवान बिरसा मुंडा से की है।
पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जेल जाने से उलगुलान नहीं रुका।
आज हेमंत सोरेन के जेल में रहने से भी झारखंड नहीं झुकेगा। सोरेन परिवार लड़ने वाला परिवार है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के परिवार में डरनेवाले लोग हैं।
भाजपा से समझौता करने वाले लोग ही मोदी परिवार के सदस्य बन सकते हैं। जिन्होंने समझौता नहीं किया या उनके आगे नहीं झुके, वे उनके परिवार का हिस्सा नहीं बन सके।
तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन इसके उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री मोदी के परिवार में अपर्णा झा, उपेंद्र सिंह रावत, पवन सिंह, कुलदीप सिंगर, नीरव मोदी, ललित मोदी, विजय माल्या, ब्रज भूषण सिंह जैसे नेता और व्यवसायी हैं।
कठुआ कांड के दोषी और अडाणी-अंबानी जैसे व्यवसायी, अजीत पवार, एकनाथ शिंदे, प्रफुल्ल पटेल जैसे नेता जुड़े हैं।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले चुनावी बांड का भांडा न फूट जाए, इसलिए निर्वाचन आयोग ने डाटा सार्वजनिक करने के लिए 30 जून तक समय मांगा है।
तब तक लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने निर्वाचन आयोग को 13 मार्च तक इलेक्टोरल बांड में पैसा जमा करनेवालों का नाम सार्वजनिक करने का आदेश दिया था।
इसे भी पढ़ें
कोलकाता में पानी के नीचे चलेगी मेट्रो, PM मोदी ने किया उद्घाटन









