पटना। बिहार के इंडी एंलायंस में सीट बंटवारे पर बात बन गई है। राजद कांग्रेस को नौ सीटें देने को राजी हो गया है। साथ ही राजद ने झारखंड की दो सीटों पर भी दावा ठोक दिया है।
आज बिहार की सीटों का ऐलान हो सकता है। राजद कार्यालय में पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की उपस्थिति में दोपहर 12.15 बजे सीटों का ऐलान किये जाने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में कांग्रेस और राजद के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति में हुई बैठक के बाद सीटों पर सहमति बनी है।
बताया यह भी जा रहा है कि सीटों का बंटवारा राजद की शर्तों पर तय हुआ है। लालू प्रसाद यादव की पार्टी बिहार में कांग्रेस को 40 में से 9 सीटें देने को तैयार है। परन्तु इसके लिए उसने कुछ शर्तें भी रखी हैं।
सूत्रों के मुताबिक राजद कांग्रेस को किशनगंज, कटिहार, सासाराम, पटना साहिब, बेतिया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, भागलपुर और मधेपुरा या सुपौल सीट दे सकती है।
इतना ही नहीं, खबर यह भी है कि लालू यादव ने कांग्रेस के सामने यह भी शर्त रखी है कि वह बिहार में 9 सीटें दिये जाने के बदले झारखंड में उसे कम से कम 2 सीटें दें।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से झारखंड के चतरा और पलामू लोकसभा सीटों पर राजद के प्रत्याशी उतारे जाने की चर्चाएं चल रही हैं।
फिलहाल यह पता नहीं है कि कांग्रेस ने राजद की सभी शर्तें मानी हैं या नहीं। इसका खुलासा तो तब ही होगा जब राजद सीटों का ऐलान करेगा।
इसे भी पढ़ें









