बाबूलाल मरांडी ने मंगल मुंडा के निधन पर जताया शोक [Babulal Marandi expressed grief over the death of Mangal Munda]

IDTV Indradhanush
2 Min Read

कहा- अबुआ सरकार में गरीब आदिवासी की जिंदगी की कीमत नहीं

रांची। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भगवान बिरसा मुंडा के परपोते मंगल मुंडा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद जिस तरह से उन्हें इलाज के लिए तड़पना पड़ा, वह हमारी व्यवस्था की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

इतनी नाजुक स्थिति में भी उन्हें समय पर ट्रामा सेंटर में बेड नहीं मिला। इलाज शुरू करने में 10 घंटे की देरी हुई। परिजनों को ₹15,000 की दवाएं भी खुद खरीदनी पड़ीं।

अबुआ सरकार में एक गरीब आदिवासी की जिंदगी की कीमत आज बस इतनी ही रह गई है। यह केवल मंगल मुंडा की मौत नहीं, बल्कि व्यवस्था के द्वारा उनकी हत्या है।

झारखंड के आदिवासियों को कैसे मिले इंसाफः

उन्होंने कहा कि जिस झारखंड को बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलना चाहिए था, वहां उनके वंशज के साथ ऐसा व्यवहार होना हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर कर रख देता है।

क्या आज हमारी सरकार और व्यवस्था में गरीबों की कोई जगह नहीं बची है? यह सवाल सिर्फ मंगल मुंडा के परिवार का नहीं, बल्कि झारखंड के हर गरीब आदिवासी का है।

इसे भी पढ़ें

भगवान् बिरसा मुंडा के वंशज हुए सड़क दुर्घटना का शिकार, सीएम हेमंत ने बेहतर इलाज का दिया निर्देश

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं