अध्यक्ष पद छोड़ना चाहते हैं हार से निराश बाबूलाल [ Babulal is disappointed with the defeat and wants to leave the post of president ]

2 Min Read

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भावुक प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफे की पेशकश की है। बाबूलाल मरांडी ने अपना पद छोड़ने का संदेश केंद्रीय नेतृत्व को दे दिया है।

हालांकि केन्द्रीय नेतृत्व ने उनकी इस पेशकश पर क्या निर्णय लिया है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

बता दें कि झारखंड विधानसभा के हाल में सम्पन्न हुए चुनाव में भाजपा सिर्फ 21 सीटें ही जीत पाई और एनडीए गठबंधन को कुल 24 सीटें मिली हैं। इससे पहले 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 25 सीटें जीती थी।

बांग्लादेशी घुसपैठ पर पीड़ा व्यक्त कीः

बाबूलाल मरांडी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की है। उन्होंने अपने पोस्ट में घुसपैठ को आदिवासी समाज की सभ्यता, संस्कृति और अधिकार पर हमला बताया।

उन्होंने लिखा है कि इस तरह के हमले को चुपचाप नहीं देख सकता हूं। चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, मैं अपना संपूर्ण समय और ऊर्जा अपने लोगों को जागरूक करने और उन्हें सशक्त बनाने में लगाऊंगा, ताकि कोई भी हमारी जल, जंगल जमीन की तरफ आंख उठाकर न देख सके।

चंपाई सोरेन भी इस मुद्दे को लेकर गंभीरः

पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक चम्पाई सोरेन ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बांग्लादेशी घुसपैठ के खिलाफ अभियान को आगे ले जाने की बात कही थी।

इसे भी पढ़ें

बाबूलाल मरांडी ने बोला हमला-हेमंत सोरेन सरकार में हिंदू होना अपराध [Babulal Marandi said, being a Hindu in Hemant Soren government is a crime]

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं