Jamtara Nagar Panchayat elections
जामताड़ा। जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अध्यक्ष पद की उम्मीदवार और भाजपा की वरिष्ठ नेता बबीता झा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने यह निर्णय पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर लिया और अब भाजपा समर्थित उम्मीदवार रीना कुमारी को समर्थन देने की घोषणा की है। इस फैसले को संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि इस बार चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, लेकिन पार्टी समाजसेवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को समर्थन दे रही है।
सुमित शरण ने क्या कहा?
सुमित शरण ने कहा कि भाजपा एक बड़ा संगठन है और इसमें कई योग्य नेता मौजूद हैं जो चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने बबीता झा के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के निर्देश का पालन करना पार्टी की परंपरा रही है और यह कदम पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाता है।
बबीता झा ने भी अपने बयान क्या कहा?
बबीता झा ने भी अपने बयान में संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से पार्टी और समाज के लिए काम कर रही हैं और लोगों का भरोसा उनके साथ है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन उन्होंने शहर की सेवा करने के उद्देश्य से किया था, लेकिन प्रदेश नेतृत्व के निर्देश के बाद उन्होंने अपना नाम वापस लेने का फैसला किया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब वे पूरी ताकत के साथ भाजपा समर्थित उम्मीदवार रीना कुमारी के पक्ष में काम करेंगी और उन्हें जीत दिलाने का प्रयास करेंगी। उनके अनुसार संगठन की एकता और अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे
किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या, भाजयुमो जिला महामंत्री चंदन राउत, गीता मंडल और हेमंत झा सहित अन्य नेताओं ने बबीता झा के फैसले का स्वागत किया।पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे रीना कुमारी को समर्थन देकर उन्हें विजयी बनाएं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस निर्णय से जामताड़ा नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की स्थिति और मजबूत हो सकती है।








