बिना हेलमेट वालों का अब कटेगा ऑटोमैटिक चालान

2 Min Read

ट्रैफिक कंट्रोल रूम से सीधा घर पहुंचेगा चालान

रांची। रांची में बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों का अब ऑटोमैटिक चालान कट रहा है। इतना ही नहीं, ये चालान अब सीधे वाहन चालक के घर पहुंच रहे हैं। यह सबकुछ चौराहे पर लगे कैमरे की मदद से हो रहा है।

18 जगहों पर लगे हैं नंबर प्लेट रीडिंग कैमरे

इस सिस्टम को लागू करने के लिए शहर में 18 जगहों पर कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे काम भी कर रहे हैं। इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी जीवाहन उरांव ने बताया कि नये सिस्टम के तहत जब बिना हेलमेट वाले चालक इन कैमरे के दायरे में आएंगे, कैमरे उनकी गाड़ी का नंबर प्लेट रीडिंग करेगा। फिर नंबर प्लेट को स्कैन कर, उसमें दर्ज पते पर चालान भेज दिया जा रहा है। इस सिस्टम का लाभ भी देखने को मिल रहा है।

यह सिस्टम शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्ड के आधार पर काम कर रहा है। बिना हेलमेट वालों का ऑटोमेटिक चालान काटने की व्यवस्था को शहर में लागू भी कर दिया गया है।

अब तक ये थी व्यवस्था

ट्रैफिक डीएसपी जीवाहन उरांव के मुताबिक अब तक ऑटोमेटिक चालान काटने की व्यवस्था केवल वैसे लोगों पर लागू थी जो सिर्फ रेड लाइट जंप करते थे। इसके अलावा ट्रैफिक के अन्य नियम के लिए ट्रैफिक पोस्ट के पास रहने वाले अधिकारियों के जरिए पूरा होता था।

ऐसे में अक्सर देखने को मिलता था कि लोगों और ट्रैफिक पुलिस के बीच बहस हो जाया करती थी। लेकिन इस नए सिस्टम के लागू होने से ऐसा कुछ नहीं होगा। यातायात नियम तोड़ने वालों को ट्रैफिक कंट्रोल रूम से ही उनके घर पर चालान भेजा जाएगा।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं