Illegal coal mining: अवैध कोयला खनन पर कार्रवाई करने गई टीम पर जानलेवा हमला, दो घायल

2 Min Read

Illegal coal mining

बोकारो। बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इस घटना में केबीपी माइनिंग कंपनी लिमिटेड (KBPL) के एक वरिष्ठ अधिकारी और वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने टीम के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी को रहावन ओपी थाना क्षेत्र के बघरैया इलाके में KBPL के अधिकारी रवि रामाचंद्रा राव, राजगोपाल और सीसीएल के सुरक्षा अधिकारी लालचंद महतो, वाहन चालक धीरज कुमार के साथ स्कॉर्पियो से पचमो खनन पट्टा क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। टीम जैसे ही अवैध कोयला खनन के मुहाने के पास पहुंची, वहां मौजूद 15–20 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही देर में लाठी-डंडे, पत्थर और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले के दौरान कर्मचारी किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्कॉर्पियो वाहन में जमकर तोड़-फोड़

हमलावरों ने स्कॉर्पियो वाहन में भी जमकर तोड़-फोड़ की। घायल अधिकारियों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल, घाटो ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रवि रामाचंद्रा राव की हालत गंभीर होने पर उन्हें रांची रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share This Article