विधायक प्रदीप यादव के के अलावा 12 ठिकानों पर ईडी का छापा

3 Min Read

झारखंड में ईडी की बड़ी कार्रवाई

रांची। ईडी ने राज्य में बड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस के पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के 12 जगहों पर ईडी ने छापेमारी की है। मंगलवार की सुबह- सुबह ही ईडी की टीम ने एक साथ इन ठिकानों पर छापेमारी की।

कई बिल्डर और ठेकेदार भी चपेट में

ईडी ने जिन ठिकानों पर छापेमारी की है, उसमें विधायक प्रदीप यादव के साथ- साथ चेशायर होम रोड में रहने वाले बिल्डर शिवकुमार भी शामिल हैं। जमीन घोटाले मामले को लेकर ईडी की टीम ने शिवकुमार के ठिकाने पर छापा मारा है।

विधायक प्रदीप यादव के ठिकानों पर ईडी के पहले आय़कर विभाग ने छापेमारी की थी। रेड 4 नवंबर 2022 को आयकर विभाग की टीम ने की थी। उस वक्त भी प्रदीप यादव ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया था। इस बार ईडी ने विधायक के ठिकानों पर छापा मारा है।

अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान विधायक की तरफ से नहीं आया है और ना ही ईडी ने इस रेड को लेकर कोई बयान जारी किया है।

दुमका में कांट्रैक्टर के घर छापा

ईडी दुमका में भी छापेमारी कर रही है। यह छापेमारी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के दो बड़े कांट्रैक्टर के घर चल रही है। जिनके नाम अजय कुमार झा उर्फ मिकी और विनोद लाल है। जांच एजेंसी इनके यहां कागजात खंगाल रही है। कांट्रैक्टर विनोद कुमार लाल नगर परिषद दुमका के निवर्तमान उपाध्यक्ष हैं। वहीं अजय कुमार झा की पत्नी श्वेता झा अध्यक्ष रह चुकी हैं।

प्रदीप यादव के करीबी ईडी के निशाने पर

प्रदीप यादव के कई करीबी लोग भी ईडी की रडार पर हैं। जानकारी के अनुसार ईडी आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी कर रही है। कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के करीबियों के यहां छापेमारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि 4 नवंबर 2022 को आयकर विभाग की टीम की रेड के बाद एक रिपोर्ट तैयार की गयी थी। यही रिपोर्ट ईडी को भेजा गया जिसके आधार पर ईडी ने आज यह छापेमारी की है।

आइटी रेड की रिपोर्ट पर ईडी की कार्रवाई

आयकर विभाग ने 4 नवंबर 2022 को कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के साथ- साथ बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की थी।

आईटी ने प्रदीप यादव के रांची और गोड्डा स्थित आवास और अनूप सिंह के बेरमो और रांची स्थित सरकारी आवास में छापेमारी की थी। इस रेड में कई लोग निशाने पर हैं।

बताया जा रहा है कि ईडी इनकम टैक्स रेड की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई कर रही है। ईडी प्रदीप यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में लंबे इंतजार और पूरी तैयारी के साथ आयी है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं