Missing Ansh and Anshika: रामगढ़ के चितरपुर से मिले लापता अंश-अंशिका,दो लोग गिरफ्तार

3 Min Read

Missing Ansh and Anshika

रांची। पिछले 13 दिन से राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश कुमार (7 वर्ष) और अंशिका कुमारी (6 वर्ष) को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों की बरामदगी रामगढ़ जिले के चितरपुर पहाड़ी मंदिर इलाके से हुई है। बच्चों के मिलने की सूचना सबसे पहले उनके माता-पिता को दी गई, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

चितरपुर से हुई बरामदगी, दो लोग हिरासत में

पुलिस ने जिस स्थान से बच्चों को बरामद किया है, वहां से एक पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया गया है। दोनों आरोपी कथित रूप से गुलगुलिया (बंजारा) परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं। बरामदगी के बाद सभी को रामगढ़ एसपी कोठी लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की विस्तृत जानकारी रांची पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी की जाएगी।

स्थानीय सूचना और तकनीकी साक्ष्य से मिला सुराग

बच्चों की बरामदगी में अहम भूमिका निभाने वाले डब्ल्यू साव और सचिन ने बताया कि उन्हें बच्चों के गुलगुलिया परिवार के पास होने की सूचना मिली थी। इसके बाद बच्चों की तस्वीर उनके माता-पिता को दिखाई गई और रजरप्पा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

2 जनवरी को हुए थे लापता, इनाम भी किया गया था घोषित

गौरतलब है कि 2 जनवरी को अंश और अंशिका घर से दुकान जाने के दौरान लापता हो गए थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई थी। बच्चों की जानकारी देने वाले के लिए पहले 51 हजार और बाद में 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसएसपी के नेतृत्व में मिली बड़ी सफलता

एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय इनपुट और लगातार निगरानी के आधार पर इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बच्चों को किस उद्देश्य से ले जाया गया था और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है।

Share This Article