ईडी की रडार पर एक और आइएएस अधिकारी अविनाश कुमार, बर्लिन अस्पताल का हुआ सर्वे

2 Min Read

रांची : रांची में जमीन घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने मंगलवार को बरियातू रोड स्थित बर्लिन अस्पताल का सर्वे किया। इस दौरान ईडी के अधिकारियों ने बर्लिन अस्पताल की जमीन से संबंधित दस्तावेज खंगाले। जमीन घोटाले की जांच के क्रम में ही ईडी को इस अस्पताल की जमीन की खरीद-बिक्री में भी जलसाजी की जानकारी मिली थी, जिसकी छानबीन चल रही है। ईडी को मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल की जमीन प्रीति कुमार के नाम पर है।

प्रीति कुमार राज्य के एक बड़े आइएएस अधिकारी अविनाश कुमार की पत्नी हैं। ईडी ने अस्पताल की जमीन के कागजात और नक्शे की भी जांच की। इसके अलावा जांच एजेंसियों ने अस्पताल की जमीन अमीन से मापी भी करवा रही है। ईडी के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पूर्व में जमीन घोटाले में गिरफ्तार बड़गाईं अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद ने ही उक्त जमीन के बारे में जानकारी दी थी। उनके घर से भी भारी मात्रा में जमीन से संबंधित दस्तावेज मिले थे तब भानु प्रताप प्रसाद गिरफ्तार किए गए थे।

उनपर रांची के सदन थाने में प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी, जिसके आधार पर ईडी ने नया ईसीआइआर किया था।उस ईसीआइआर में जांच के दौरान ईडी को जानकारी मिली कि बड़गाईं अंचल का खाता संख्या 54, प्लॉट नंबर 2711 की 12 कट्ठा जमीन गलत तरीके से खरीदी गई।

जमीन का खरीद मूल्य भी बाजार मूल्य से काफी कम पाया गया। पहले इस जमीन को डॉ. नलिनी रंजन सिन्हा तथा ऊषा सिन्हा ने खरीदा था। उसके बाद उनसे प्रीति कुमार और टीएम ठाकुर ने जमीन खरीदी। ईडी को सूचना मिली है कि इस जमीन की प्रकृति बदलकर उसकी खरीद-बिक्री हुई है और उस पर बर्लिन अस्पताल का निर्माण कराया गया है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं