रांची में एक और फ्लाईओवर बनेगा, बूटी मोड़ से सीधे मेकन चौक पहुंचना होगा आसान

3 Min Read

रांची। रांची में एक और फ्लाईओवर बनेगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए डीपीआर बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।

यह फ्लाईओवर बूटी मोड़ से कांटाटोली के बीच बनेगा। इसकी लंबाई करीब 5 किमी होगी। कांटाटोली में इससे पहले बन रहे बहुबाजार फ्लाईओवर से कनेक्ट किया जायेगा।

फिर आगे बहु बाजार में यह सिरमटोली फ्लाईओवर से कनेक्ट हो जायेगा। इससे बूटी मोड़ सीधे मेकन चौक से जुड़ जायेगा और यह 12 किमी की दूरी आसानी से तय की जा सकेगी।

बता दें कि फिलहाल विकास चौक से बूटी मोड़ होते हुए कांटाटोली तक रोड चौड़ीकरण का काम चल रहा है।

अब इस रूट पर फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके डीपीआर निर्माण के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पथ निर्माण विभाग के फील्ड सर्वे प्रमंडल एडवांस प्लानिंग द्वारा सात मार्च को इसका टेंडर खोला जाएगा। इसमें चयनित एजेंसी को अगले तीन माह में सर्वे कर फ्लाईओवर का डीपीआर बनाना होगा।

डीपीआर को तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद कैबिनेट से मंजूरी लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इस फ्लाईओवर के निर्माण से बूटी मोड़ से कोकर, कांटाटोली, बहुबाजार से क्लब रोड, मेन रोड होते हुए मेकॉन आने-जाने वालों का करीब एक घंटा बचेगा।

नगर विकास विभाग की एजेंसी जुडको द्वारा कांटाटोली के शांति नगर से बहुबाजार से आगे योगदा सत्संग आश्रम तक 2.25 किमी. लंबा फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है।

दूसरी ओर, पथ निर्माण प्रमंडल की ओर से सिरमटोली चौक से रेलवे लाइन के ऊपर से होते हुए मेकॉन तक 2.34 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जा रहा है।

इसके अलावा कांटाटोली और सिरमटोली फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए 1.25 किमी लंबा फ्लाईओवर बनाने की स्वीकृति दी गई है।

मतलब 1.25 किमी फ्लाईओवर बन जाता है तो करीब छह किमी लंबा कॉरिडोर तैयार हो जाएगा। कांटाटोली से बूटी मोड़ के बीच पांच किमी. लंबा फ्लाईओवर बनने से करीब छह किमी लंबा कॉरिडोर बन जाएगा।

इसके बनने से रांची रेलवे स्टेशन और हिनू स्थित एयरपोर्ट आने -जाने वालों को काफी सुविधा होगी।

इसे भी पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के 30 ठिकानों पर CBI का छापा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं