कांग्रेस के नाराज विधायक हुए गोलबंद, जायेंगे दिल्ली, बात नहीं बनी तो चले जायेंगे जयपुर

4 Min Read

रांची। झारखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस के अंदर बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस के 12 नाराज विधायक किसी की भी सुनने को तैयार नहीं हैं।

सभी नाराज विधायक रांची के बिरसा चौक स्थित रासो होटल में एकत्र होकर बैठक कर रहे हैं। होटल के बाहर जो जानकारी छनकर आई है, उसके मुताबिक नाराज विधायक अपनी बात आलाकमान के समक्ष रखेंगे।

इसके लिए वे सभी दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया है कि उनकी बात नहीं मानी गई, तो वे कोई भी कदम उठा सकते हैं।

बता दें कि ये सभी विधायक चंपई सरकार में मंत्री पद नहीं मिलने से नाराज हैं। यह भी बताना जरूरी है कि गठबंधन सरकार में कांग्रेस के कुल 17 विधायक हैं, जिनमें से 12 नाराज हैं।

नाराज कांग्रेसी विधायकों ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण समारोह से पहले भी बैठक कर समारोह के बहिष्कार का निर्णय लिया था।

परंतु प्रदेश प्रभारी मीर अहमद के समझाने पर वे राजभवन जाने के लिए मान गये थे। परंतु शपथ ग्रहण के बाद से ही नाराज विधायकों ने गोलबंदी शुरू कर दी थी।

इसके बाद शनिवार की सुबह सभी एयरपोर्ट से सटे होटल रासो पहुंच गये। यहां वे बैठक कर रहे हैं। अब ये किसी भी समय दिल्ली जाने का फैसला ले सकते हैं।

चर्चा है कि इनकी नाराजगी दूर हुई तो वे रांची लौटेंगे, लेकिन हल नहीं निकला तो जयपुर जाकर वहां सभी एक जगह रहेंगे और आगे की रणनीति बनायेंगे।

हालांकि, अभी किसी विधायक ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पर सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने खेला होने की बात कही है।

इधर, नाराज विधायकों का कहना है कि वे जनता के बीच क्या मुंह लेकर जायेंगे। उनका कहना है कि मंत्रिमंडल में पुराने चेहरों को रिपीट करना सही नहीं है।

उन्होंने इसे लेकर प्रदेश के नेताओं से बात की थी। वहीं, कई विधायक अपने लिए मंत्री पद की भी मांग कर रहे हैं। विधायकों का कहना है कि ऐसे मंत्री जिन्होंने अब तक बेहतर प्रदर्शन नहीं किया, उन्हें मौका दे दिया गया।

नाराज विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें जनता के बीच जाना है। ऐसे में अगर काम बेहतर नहीं होगा तो वह कैसे जनता का सामना करेंगे।

इधर प्रदेश कांग्रेस की ओर से नाराज विधायकों की नाराजगी दूर करने की लगातार कोशिश की जा रही है।

प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने उनसे मिलकर समझाने की कोशिश की। पर विधायक टस से मस नहीं हो रहे और अब वे खुलकर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।

नाराज विधायकों में राजेश कच्छप, जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला, सोना राम सिंकू, भूषण बारा, नमन विक्सल कोंगड़ी, रामचंद्र सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, अंबा प्रसाद, दीपिका सिंह पांडेय, पूर्णिमा नीरज सिंह शामिल है।

इसे भी पढ़ें

अचानक राहुल गांधी न्याय यात्रा छोड़ पहुंचे वायनाड

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं