गिरिडीह में गरजे अमित शाह – सरकार बनी तो भ्रष्टाचारियों को उलटा लटकाएंगे [Amit Shah thundered in Giridih – If government is formed then we will hang the corrupt upside down]

2 Min Read

गिरिडीह, एजेंसियां। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गिरिडीह में आयोजित भाजपा की परिवर्तन यात्रा को संबोधित करते हुए झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने इस यात्रा को झारखंड के मूलनिवासी, ओबीसी, आदिवासी और दलितों के जीवन में परिवर्तन लाने की संकल्प यात्रा बताया।

अमित शाह ने कहा, “यह परिवर्तन सरकार बदलने का नहीं, बल्कि झारखंड के लोगों के जीवन में बदलाव लाने का संकल्प है। हेमंत सरकार ने झारखंड के युवाओं, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और माताओं-बहनों के साथ अन्याय किया है। अब समय आ गया है कि इस सरकार को उखाड़ फेंका जाए और कमल के निशान वाली सरकार को सत्ता में लाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड देश का नंबर एक राज्य बनेगा।”

शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा, “क्या किसी ने 350 करोड़ रुपये देखा है? भाजपा की वेबसाइट पर जाकर देखिए, हम आपको दिखाएंगे कि झारखंड के एक सांसद और आलमगीर आलम के घर से कितना पैसा बरामद हुआ। यह पैसा हेमंत सोरेन या आलमगीर का नहीं, बल्कि जनता का है जिसे यह सरकार लूट रही है।”

शाह ने जनता से अपील करते हुए कहा, “भ्रष्टाचार की गंगा को भाजपा समुद्र तक नहीं पहुंचने देगी। आप कमल के निशान वाली सरकार बनाइए, भाजपा इन भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा करेगी।”

उन्होंने भरोसा जताया कि झारखंड में आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार दो-तिहाई बहुमत से बनेगी।

इसे भी पढ़ें

साहिबगंज के भोगनाडीह पहुंचे अमित शाह, किया परिवर्तन यात्रा का आगाज 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं