रांची, एजेंसियां : बड़कागांव क्षेत्र की कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के हजारीबाग स्थित आवास पर ईडी की टीम बुधवार को दूसरे दिन भी पहुंची है।
इस बीच अंबा प्रसाद ने आरोप लगाया है कि पॉलिटिकल वजहों से उनके यहां ईडी भेजी गई है। उनपर हजारीबाग और चतरा लोकसभा सीट से बीजेपी की और से लड़ने का दबाव दिया जा रहा था।
अंबा प्रसाद ने कहा कि ईडी की टीम सीधे उनके बेडरूम में घुस गई। उन्हें घंटों खड़ा रखा गया।
बता दें कि मंगलवार को विधायक, उनके रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों पर हुई छापेमारी में मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
मंगलवार को ईडी की टीमों ने रात करीब एक बजे तक तलाशी जारी रखी। एक अंचलाधिकारी शशिभूषण के रांची स्थित आवास से करीब सात लाख रुपए और अन्य के ठिकानों से 13 लाख रुपए बरामद किए जाने की सूचना है।
आज सुबह एजेंसी की टीम एक बार फिर विधायक के हजारीबाग स्थित आवास पर पहुंची है।
एजेंसी ने सरकारी जमीन पर कब्जा, रंगदारी और अवैध बालू कारोबार को लेकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों को आधार बनाते हुए इसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
मंगलवार को अंबा प्रसाद, उनके पिता पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, अंबा के भाई अंकित राज, बहन अनुप्रिया और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर बनी 10 कंपनियों के दस्तावेज खंगाले गए।
अंबा के पिता योगेंद्र साव के मुंबई में बांद्रा स्थित फ्लैट पर भी दबिश दी गई। इनके अलावा अंबा के करीबियों में मुकेश साव, राजेश साव, संजय कुमार, पंकज नाथ, कुशाग्र रूद्र, बिंदेश्वर कुमार दांगी, मनोज अग्रवाल, उदय साव, राजू साव, धीरेंद्र साव और अजीत कुमार गुप्ता के ठिकानों पर छापेमारी की गई है।
इसे भी पढ़ें
मोदी बेहद लोकप्रिय हैं, फिर प्रधानमंत्री बनेंगे: रिच मैककॉर्मिक








