अमर बाउरी बने नेता प्रतिपक्ष, विधानसभा से मिली मंजूरी

2 Min Read

रांची। भाजपा विधायक अमर बाउरी नेता प्रतिपक्ष बनाये गये हैं। झारखंड विधानसभा ने इसे मंजूर कर लिया है। बता दें कि अमर बाउरी बीते रविवार को बीजेपी विधायक दल के नेता घोषित किए गए थे। अमर बाउरी को नेता प्रतिपक्ष बनाने का पत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधानसभा को भेजा था, जिसे विधानसभा ने मंजूरी दे दी है। बताते चलें कि यह फैसला 16 अक्टूबर से ही प्रभावी होगा। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने अमर बाउरी को बधाई भी दी है।

जेवीएम से बीजेपी में आये हैं बाउरी

चंदनकियारी के विधायक अमर बाउरी ने 2014 के विधानसभा चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर जीत हासिल की थी। बाद में अमर बाउरी सहित झाविमो के 6 विधायक बीजेपी में शामिल हो गए और रघुवर दास के नेतृत्व में पार्टी ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। अमर बाउरी को रघुवर कैबिनेट में भू-राजस्व मंत्री बनाया गया। हेमंत सरकार बनने के बाद बाबूलाल मरांडी ने झावमो को भाजपा में विलोपित कर दिया।

इसके बाद बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता बनाया गया था, लेकिन यह मामला उलझा रहा। झाविमो के बीजेपी में विलय को लेकर विधानसभा में दल-बदल का मामला चल रहा है। इस केस को लेकर तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए उन्हें नेता प्रतिपक्ष नहीं बनाया गया था। इसकी वजह से कई आयोगों का गठन नहीं हो सका था।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं