अमर बाउरी बने भाजपा विधायक दल के नेता, जेपी पटेल सचेतक

2 Min Read

रांची : भाजपा ने चंदनक्यारी विधायक अमर बाउरी को पार्टी विधायक दल का नेता बनाया गया है। अमर बाउरी झारखंड बीजेपी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अमर बाउरी को विधायक दल का नेता घोषित किया है। वहीं विधायक जेपी पटेल को विधानसभा में पार्टी का सचेतक बनाया है। झारखंड में भाजपा सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है।

ऐसे में पार्टी विधायक दल के नेता के बनने के कारण अमर बाउरी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की मान्यता मिलेगी। अमर बाउरी चंदनक्यारी से विधायक हैं। पूर्व में चयनित बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं मिला था। तकनीकी पेंच की वजह से दर्जा नहीं मिल पाया था।

बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष के न्यायाधिकरण में मरांडी के खिलाफ दल-बदल के आरोपों में सुनवाई पूरी हो चुकी है। दूसरी ओर पार्टी ने मांडू के बीजेपी विधायक जय प्रकाश भाई पटेल को विधानसभा में बीजेपी विधायक दल के सचेतक होंगे। वे विधायक दल के नेता पद की होड़ में भी थे, लेकिन पार्टी के अंदर उनके नाम पर सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में उन्हें पार्टी ने सचेतक बनाने का फैसला लिया है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं