अमन साहू ने पुलिस को ही दे दी धमकी-भूल तो नहीं गये मुझे..अब वार्निंग नहीं… [Aman Sahu threatened the police – you have not forgotten me…no more warning…]

4 Min Read

रांची। झारखंड में गैंगस्टर बेखौफ हो गए हैं। उनमें पुलिस का कोई डर नहीं है। चाईबासा जेल में बंद कुख्यात अपराधी अमन साहू के नाम से अब सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस को धमकी दी गई है।

इसमें कहा गया है कि पुलिस को यह अंतिम वॉर्निंग है। जेल के अंदर या बाहर रहने वाले मेरे आदमी को परेशान करना बंद करो।

इसके बाद वॉर्निंग नहीं, सीधे लाश उठाओगे। रिजल्ट बहुत जल्द सामने आएगा। जो भी मेरे आदमी के करीब जाने का प्रयास करेगा, वह अपनी मौत का जिम्मेदार खुद होगा। इस पोस्ट का खुलासा होने के बाद पुलिस इस गिरोह के सदस्यों पर कड़ी नजर रख रही है।

पुलिस को पता चला है कि यह पोस्ट मलेशिया से किया गया है। अमन साहू के नाम से फेसबुक पर अकाउंट चल रहा है। इस पर लगातार हथियार आदि के पोस्ट किए जाते हैं।

अब इसी आईडी से पुलिस को धमकी दी गई है। इससे पहले भी इसी अकाउंट पर गोलीबारी या अन्य आपराधिक घटनाओं की जिम्मेदारी वह लेता रहा है।

इधर अमन साहू की धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। डीजी अनुराग गुप्ता खुद इस मामले को लेकर गंभीर हैं।

सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में क्या लिखा

भूल तो नहीं गए मुझे, कैसे हो आप सभी लोग। पुलिस प्रशासन का मैं बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन जब मेरे साथियों और परिवार पर बात आएगी तो मैं या मेरे लोग उग्र तो जरूर होंगे।

अमन साहू गैंग सिर्फ गैंग नहीं है, यह एक सोच है। जहां तक मुझे पता चला है कि मेरे साथियों को बहुत परेशान किया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन से अनुरोध है कि जेल के अंदर या बाहर मेरे साथियों का ध्यान ठीक से रखा जाए। उन्हें परेशान करना बंद करें। वरना इसका गंभीर नतीजा भुगतना होगा।

तीन साल में आठ जेल का चक्कर काट चुका है अमन

अमन का इतना आतंक है कि उसे एक जेल में ज्यादा दिन रखना जेल प्रशासन के लिए भी मुश्किल होता है। वह जिस जेल में जाता है, वहां अपना साम्राज्य खड़ा कर लेता है।

यही वजह है कि उसे लगातार दूसरी जेलों में शिफ्ट किया जाता रहा है। जेल में रहते हुए उसने कई अपराधियों को अपनी गैंग में शामिल कर लिया है, जो बाहर आते ही उसके लिए आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं।

तीन साल में वह आठ जेलों का चक्कर काट चुका है। फिलहाल 21 जुलाई से वह चाईबासा जेल में बंद है।

मलेशिया से मयंक सिंह ने किया है पोस्ट : डीजीपी

इस मामले में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा- इसे मलेशिया से सुनील मीना उर्फ मयंक सिंह ने फेसबुक पर पोस्ट किया है।

यह पोस्ट अमन साहू के भाई आकाश साहू की गिरफ्तारी के बाद की गई है। आकाश को एनआईए ने 6 अगस्त को गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा कि एटीएस भी इस पर बारीकी से नजर रख रही है।

इसे भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर अमन साहू की करीबी पम्मी को किया गिरफ्तार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं