बोकारो : झारखंड के बोकारो में एक युवक अनुस्वार उरांव की निर्मम हत्या के बाद बवाल मच गया है। लोगों ने हत्या के आरोपी को घर से निकालकर पेड़ से बांधा और जमकर पीटा। घटना के बाबत बताया जाता है कि जिले का एक युवक पांच अगस्त से ही लापता था।
रविवार को बालीडीह पुलिस ने कोराडीह और वसुधा इंडस्ट्रीज के बीच तालाब के किनारे से युवक का शव बरामद किया। हत्या के बाद उसके शव से किडनी और आंखें निकालकर उसे फेंका गया था।
18 वर्षीय इस युवक का शव मिलने के बाद लोग आक्रोशित हो उठे और आरोपी को घर से निकालकर पेड़ से बांधकर पिटायी की। वहीं, बीच-बचाव करने आयी पुलिस पर भी पथराव किया। जिले के एसपी ने बताया कि युवक की हत्या कर अंग तस्करी के आरोप लगे हैं। अंग तस्करी के एंगल की भी जांच होगी। अनुस्वार उरांव रेलवे स्टेशन के समीप कुर्मीडीह केबिन टोले का रहनेवाला था।
5 अगस्त की रात इसी टोले में रहनेवाला राज मिस्त्री श्रवण दास उसे काम दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। जब श्रवण से युवक के परिजन उसके बारे में पूछते तो वो कहता कि एक-दो दिन में वो आ जायेगा। इस बीच रविवार सुबह युवक का शव मिलने पर युवकों का गुस्सा फूट पड़ा।
युवक की आंखें और किडनी गायब होने की जानकारी मिलने पर लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने आरोपी श्रवण दास को घर से निकाला और पेड़ से बांध कर जमकर पीटा। अधमरा होने पर भीड़ ने उसे छोड़ा। इधर, मौके पर पहुंचे एसपी प्रियदर्शी आलोक ने परिजनों से मामले की जानकारी ली।
उन्होंने पूरे मामले की जांच फास्ट ट्रैक कोर्ट से कराकर दोषी को सजा दिलाने का आश्वासन दिया। आरोपी के बाबत स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि श्रवण दास का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। मानव अंग की तस्करी के मामले में उसे चाईबासा में पकड़ा गया था। ओडिशा की जेल में भी वह बंद रहा था। मामले में चास के एसडीओ ने कहा कि आरोपों का सत्यापन कराया जा रहा है। मेडिकल टीम शव का पोस्टमार्टम कर रही है। दोषी को बख्शा नहीं जायेगा।








