ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर चुनाव आयोग की सख्ती के बाद धनबाद के बरोरा-राजगंज थानेदार लाइन हाजिर

2 Min Read

धनबाद। ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर चुनाव आयोग की सख्ती के बाद धनबाद जिले के दो थानेदारों पर गाज गिरी है।

इनकी पोस्टिंग पर चुनाव आयोग के कायदे-कानून का चाबुक चल गया है। एसएसपी हृदीप पी जनार्दनन ने बरोरा थाना प्रभारी पवन कुमार और राजगंज थाना प्रभारी गौरव कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।

23 फरवरी को ही दोनों ने अपने-अपने नई पोस्टिंग वाले थानों पर योगदान दिया था। एसएसपी के आदेश के बाद दोनों पदाधिकारी फिर से पुलिस लाइन लौट गए हैं।

पवन कुमार और गौरव कुमार इससे पहले गिरिडीह जिले में पदस्थापित थे। तीन वर्ष से अधिक समय तक एक जिले में पदस्थापित रहने के कारण चुनाव आयोग के निर्देश पर दोनों का ट्रांसफर दूसरे जिले यानी धनबाद में किया गया है।

यहां योगदान देने के बाद एसएसपी ने दोनों को थानों की जिम्मेवारी सौंपी थी। उनकी पोस्टिंग में लोकसभा के संसदीय क्षेत्र के दायरे की पेंच फंस गई।

दरअसल, राजगंज टुंडी और बरोरा बाघमारा विधानसभा का हिस्सा है। ये दोनों विधानसभा क्षेत्र गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं।

इसलिए, दोनों को फिलहाल थानेदारी गंवानी पड़ी। जल्द दोनों थानों में नए सब इंस्पेक्टरों की पोस्टिंग होगी।

इसे भी पढ़ें

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में ऑनलाइन एडमिशन, जनिये क्या है प्रोसेस

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं