बिल्डर से रंगदारी मांगने के बाद, उसी नंबर से जमीन कारोबारी से भी 1 करोड़ मांगे [After demanding extortion money from the builder, he also demanded Rs 1 crore from the land dealer from the same number]

2 Min Read

रांची। राजधानी रांची में कारोबारियों से रंगदारी मांगने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बिल्डर के बाद अब जमीन कारोबारी जगदीश प्रसाद से उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर एक करोड़ रुपए की मांग की गई है। पांच दिन के भीतर पैसे न देने पर फौजी कार्रवाई करने की धमकी दी गई है।

सुखदेव नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज

रातू रोड में अखिल मेमोरियल स्कूल के पास रहने वाले जगदीश प्रसाद ने सुखदेव नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

इससे पहले तीन अगस्त को अशोक नगर निवासी बिल्डर निशित केसरी से भी वॉट्सएप पर मैसेज भेजकर और फोन कर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।

उन्होंने अरगोड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उसी दिन सुबह 11 बजे जगदीश प्रसाद को भी वॉट्सएप कॉल कर रंगदारी मांगी गई।

फोन करने वाले ने कहा कि दलादली में कमल भूषण की बाउंड्री हुई है। उसमें पांच दिन के अंदर एक करोड़ रुपए रख दो। क्योंकि तुम कमल भूषण के सहयोगी थे।

पैसे न देने पर अंजाम बुरा होगा। बता दें कि जमीन कारोबारी कमल भूषण की 30 मई 2022 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

कारोबारी दहशत में, पुलिस को सुराग नहीं

रंगदारी मांगने की लगातार बढ़ रही घटना से कारोबारी खौफ में हैं। उन्हें अपना और परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

उधर, एक ही नंबर से पीएलएफआई के नाम पर रंगदारी मांगी जा रही है। पुलिस अभी तक फोन करने वालों का पता नहीं नहीं पाई है।

पुलिस का कहना है कि उस मोबाइल नंबर का पता लगाया जा रहा है। जल्दी ही धमकी देने वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

इसे भी पढ़ें

IAS के संबंधी इस बिल्डर से मांगी गई 1 करोड़ की रंगदारी, 5 दिन की दी मोहलत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं