बिहार के बाद झारखंड में भी राजनीतिक हलचल तेज, अचानक दिल्ली पहुंचे सीएम हेमंत

4 Min Read

रांची। बिहार के बाद झारखंड में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अचानक दिल्ली चले गए हैं। उनके दिल्ली दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ईडी ने उन्हें 10वां समन भेज कर 29 से 31 के बीच पूछताछ के लिए तलब किया है।

कहा जा रहा है कि इसी वजह से उन्होंने अचानक दिल्ली जाना पड़ा है। वह चार्टर फ्लाइट से दिल्ली गये हैं। उनके लिए आनन-फानन में विशेष विमान का इंतजाम किया गया। उनके अचानक दिल्ली जाने के बाद तरह-तरह की चर्चा होने लगी है।

बताते चलें कि  बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच शनिवार की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली रवाना हो गए। उनके दिल्ली दौरे का अभी कोई कार्यक्रम नहीं था। इसलिए उनकी दिल्ली रवानगी को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

झामुमो के पदाधिकारियों ने बताया कि सीएम किसी महत्वपूर्ण कार्य से दिल्ली गये हैं। पर ये काम क्या है वे बताने को तैयार नहीं हैं। हालांकि मोटे तौर पर जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक सीएम हेमंत सोरेन दिल्ली ने कानून विशेषज्ञों से मिलेंगे।

इडी के समन के बाद वे दिल्ली में कानूनविदों की राय लेंगे। इसके बाद वे ईडी को अपना जवाब भेजेंगे। बताते चलें कि पिछले 20 जनवरी को ईडी ने मुख्यमंत्री से उनके सरकारी आवास में आकर पूछताछ की थी।

ईडी ने एक बार फिर पूछताछ के लिए उनसे समय की मांग की है। मुख्यमंत्री ने पत्र भेजकर कहा है कि वे इसकी जानकारी दे देंगे। फिलहाल अभी उनकी व्यल्तता बढ़ी हुई है। ईडी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बड़गाई अंचल के बरियातू स्थित 8.46 एकड़ जमीन के संबंध में पूछताछ कर रही है।

20 जनवरी को हुई पूछताछ में ईडी ने हेमंत सोरेन से इस जमीन के संबंध में ही पूछताछ की थी। पूछा था कि यह जमीन फिलहाल किसके कब्जे में है और इस जमीन को किसके द्वारा खरीदारी की गई थी।

हालांकि, इस संबंध में हेमंत सोरेन की ओर से कुछ खास जानकारी नहीं दी गई थी। इसके साथ ही कुछ ज्यादा जानकारी देने के संबंध में उनकी ओर से अनभिज्ञता जाहिर की गई थी।

इसके बाद ईडी की ओर से कहा गया था कि पूरे दस्तावेज के साथ इस संबंध में और उनसे एक दिन पूछताछ की जाएगी। लेकिन, उनकी ओर से पूछताछ के लिए समय नहीं दिये जाने की वजह से पूछताछ नहीं हो सकी है।

बताते चलें कि बड़गाई अंचल के तत्कालीन राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के घर में ईडी ने पूर्व में छापेमारी कर बड़ी संख्या में सरकारी जमीन के दस्तावेज जब्त किए थे। भानु प्रताप के आवास से कई जमीन के दस्तावेज मिले थे, जो आपत्तिजनक थे।

भानु प्रताप के आवास से बड़गाई अंचल स्थित 8.46 एकड़ के जमीन के भी दस्तावेज मिले थे। इसी संबंध में ईडी लगातार अनुसंधान कर रही है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।

इसे भी पढ़ें

नीतीश ने इस्तीफा देकर पेश किया सरकार बनाने का दावा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं