Adityapur station train update: आदित्यपुर स्टेशन से चलेंगी आठ एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें, आज से नई व्यवस्था लागू

2 Min Read

Adityapur station train update

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। टाटानगर रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली चार जोड़ी यानी कुल आठ एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का टर्मिनल बदलकर अब आदित्यपुर रेलवे स्टेशन कर दिया गया है। यह नई व्यवस्था गुरुवार, 5 फरवरी से लागू हो गई है।

रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने यह फैसला लिया है, जिसका उद्देश्य टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव और परिचालन बोझ को कम करना है। अब ये ट्रेनें टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से ही खुलेंगी और वहीं समाप्त होंगी।

इन ट्रेनों का बदला टर्मिनल

धनबाद–टाटानगर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस, टाटानगर–धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस, हटिया–टाटानगर पैसेंजर और टाटानगर–हटिया पैसेंजर ट्रेन का टर्मिनल आदित्यपुर स्टेशन कर दिया गया है। इसके अलावा आसनसोल और विशाखापत्तनम रूट की ट्रेनों का भी चरणबद्ध रूप से संचालन आदित्यपुर से किया जाएगा।

यात्रियों को नहीं होगी असुविधा

रेलवे प्रशासन के अनुसार टाटानगर और आदित्यपुर स्टेशन के बीच दूरी बहुत कम है, इसलिए यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। बल्कि आदित्यपुर से ट्रेनों के संचालन से टाटानगर स्टेशन पर भीड़ और प्लेटफार्म दबाव में कमी आएगी।

विकास कार्य पूरे, समय-सारिणी जारी

डीआरएम तरुण हुरिया के मार्गदर्शन में आदित्यपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे ने इन ट्रेनों की नई समय-सारिणी भी जारी कर दी है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में अन्य ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव पर भी विचार किया जा सकता है। यह कदम पूरे चक्रधरपुर रेलमंडल में रेल परिचालन को अधिक सुचारू बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Share This Article
Exit mobile version