रांची। सोमवार को चेक बाउंस से जुड़े केस में बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने रांची सिविल कोर्ट में हाजिरी लगायी। पूर्व के आदेश के अलोक में अमीषा पटेल सशरीर कोर्ट के समक्ष उपस्थित हुईं। इस दौरान अदालत ने अमीषा पटेल को उनपर लगे आरोप बताये।
लेकिन अमीषा ने सभी आरोपों से साफ इनकार कर दिया। अब अमीषा पटेल को ट्रायल फेस करना पड़ेगा। रांची सिविल कोर्ट ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट डी एन शुक्ला की कोर्ट में अमीषा पटेल के मामले की सुनवाई हुई। अमीषा पटेल की ओर से अधिवक्ता जयप्रकाश ने बहस की। वहीं अजय कुमार सिंह की तरफ से अधिवक्ता स्मिता पाठक ने बहस की।
बता दें कि अमीषा पटेल पर साल 2017 से चेक बाउंस का केस चल रहा है। आरोपों के मुताबिक, फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय सिंह ने ढाई करोड़ अमीषा पटेल के खाते में ट्रांसफर किये। अजय कुमार सिंह लवली वल्र्ड इंटरटेनमेंट के प्रोपराइटर हैं। फिल्म नहीं बनाने और पैसे वापस नहीं होने के बाद अजय कुमार सिंह ने निचली अदालत में शिकायत दर्ज करायी। इसमें कहा गया था कि अमीषा पटेल ने उनके साथ धोखाधड़ी की है।







