रांची। फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल पर रांची की अदालत ने पांच साल पुराने चेक बाउंस के मामले में जुर्माना लगाया है। अदालत ने शिकायत कर्ता की याचिका को स्वीकार करते हुए अभिनेत्री पर जुर्माना लगाया है।
हालांकि अमीषा पटेल पर कितना जुर्माना लगाया गया है। इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। बता दें, दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने 22 नवम्बर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। बुधवार को अदालत ने अपना फैसला सुनाया है।
5 साल पुराना है मामला
शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह ने बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल पर फिल्म ‘देसी मैजिक’ बनाने के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। फिल्म के लिए अजय सिंह ने ढाई करोड़ रुपये अमीषा पटेल के खाते में ट्रांसफर कर दिये थे।
फिल्म नहीं बनाने और पैसे वापस नहीं होने के बाद अजय सिंह ने अमीषा पटेल पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अमीषा पटेल रांची सिविल कोर्ट में दो बार हाजिरी लगा चुकी हैं।







