नाबालिग स्कूली छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पोक्सो एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

1 Min Read

रांची : झारखंड के हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।  

इसके बाद नाबालिग को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में नाबालिग छात्रा ने बताया कि मंगलवार को स्कूल छोड़ने के क्रम में उसके परिजनों ने स्कूल के नजदीक सड़क पर उसे छोड़ा था। इस दौरान मोहल्ले के दो युवक वहां बाइक से पहुंचे और उसका हाथ पकड़कर बाइक पर बिठा लिया।

इसके बाद वे उसे मटवारी स्थित एक अपार्टमेंट के तीसरे तल्ले पर ले गये और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान दुष्कर्म के आरोपी के दो सहयोगी अपार्टमेंट के गेट के पास खड़े होकर आने-जानेवाले की निगरानी कर रहे थे। घटना को लेकर कोर्रा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मामले के मुख्य आरोपी रोहित राणा को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया मामले में पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जायेगी।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं